कुरुक्षेत्र में युवकों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत, मामूली बात ने लिया बड़े विवाद का रूप
punjabkesari.in Monday, Sep 08, 2025 - 08:52 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (रणदीप रोड) : कुरुक्षेत्र के थानेसर की अनाज मंडी सोमवार शाम गोलीबारी की घटना से दहशत में आ गई। शाम करीब 6:15 बजे हुई इस वारदात में 18 वर्षीय प्रिंस, निवासी किरमिच गांव, गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसकी पीठ में लगी, जिसके बाद उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार अनाज मंडी में कुछ युवकों के बीच झगड़ा हुआ था। विवाद बढ़ने पर उनमें से एक युवक ने अचानक गोली चला दी। घटना के बाद आरोपी युवक अपने साथियों के साथ स्कूटी और बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शी सुनील कुमार ने बताया कि लगभग 10-12 लड़के मंडी में खड़े थे, तभी झगड़े के दौरान गोली चली। हालांकि वह हमलावर युवकों की पहचान नहीं कर सका।
सूचना मिलते ही सुभाष मंडी चौकी प्रभारी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुँचे और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से सैंपल और गोली का खोल बरामद किया। पुलिस अब घायल युवक प्रिंस के बयान दर्ज करने की कोशिश में है, ताकि आरोपी तक पहुँचा जा सके।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)