कुरुक्षेत्र में भयानक हादसा, ड्राइवर की एक गलती से नाबालिग की मौत, दर्शन करने हिमाचल जा रहा था परिवार
punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 05:34 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय नाबालिग की मौत हो गई, जबकि उसका फूफा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब राजस्थान का एक परिवार देवियों के दर्शन के लिए हिमाचल प्रदेश जा रहा था।
लापरवाही से ड्राइवर ने बैक की गाड़ी, सिर में लगी चोट
मृतक की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के गांव सोखर निवासी हेमंत कुमार (17) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार परिवार ने दर्शन के लिए एक पिकअप गाड़ी किराए पर ली थी। परिवार के मुखिया लाला राम ने बताया कि वह अपने परिजनों के साथ सुबह करीब 11 बजे दर्शन के लिए निकले थे। जब वे 152-डी मार्ग से होते हुए कुरुक्षेत्र-ढांड रोड पर पहुंचे, तो ड्राइवर ने वाहन रोक दिया और सभी लोग नीचे उतर गए। इसी दौरान हेमंत सड़क किनारे बैठा हुआ था और उसके पास ही उसका फूफा श्यामबीर भी बैठा था। आरोप है कि इसी बीच ड्राइवर ने लापरवाही से गाड़ी को तेज गति में पीछे कर दिया, जिससे वाहन का पिछला हिस्सा सीधे हेमंत के सिर में जा लगा। गंभीर चोट लगने से हेमंत मौके पर ही गिर पड़ा। वहीं, श्यामबीर के सिर में भी गंभीर चोट आई और उसे 12 टांके लगाने पड़े।
दर्शन के बाद अपने बच्चों के रिश्ते देखने के लिए जा रहा था परिवार
घटना के बाद परिजन तुरंत हेमंत को इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र लेकर पहुंचे, जहां से उसे गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि संतोषजनक इलाज न मिलने पर वे उसे जयपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में अलवर के पास उसकी मौत हो गई। बाद में अलवर के खेड़ली सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार किया गया। इसके पश्चात परिजनों ने कुरुक्षेत्र पुलिस में शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने आरोपी ड्राइवर पप्पी राम के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवार ने बताया कि वे देवियों के दर्शन के बाद अपने बच्चों के रिश्ते देखने के लिए जा रहे थे। हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।