कैथल में मोबाइल दुकान पर फायरिंग मामला, स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट द्वारा 2 आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Apr 17, 2026 - 03:41 PM (IST)
कैथल (जयपाल रसूलपुर) : कैथल स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट द्वारा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में संगठित अपराध व फिरौती से जुड़े मामलों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।
मोबाइल दुकान पर की थी गोलाबारी
डीएसपी सुशील प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि 4 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे चानना रोड स्थित “गिल मोबाइल” शाप पर दो अज्ञात युवकों ने मोटरसाइकिल पर आकर फायरिंग कर दी थी। हमलावर मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। जिस बारे थाना चीका में मामला दर्ज कर लिया गया। मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एएसआई तरसेम की टीम द्वारा करते हुए आरोपी गांव भागल निवासी रवि कुमार ( उम्र 28 साल, पढाई 10वीं) व गांव भराणी खालसा निवासी भरत कुमार (उम्र करीब 19 साल, पढाई 12वीं) को काबू कर लिया गया।
आरोपी के पैर में लगी गोली
डीएसपी ने बताया कि इससे पूर्व इस मामले में 14 अप्रैल को रात के समय पुलिस टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर ढांड क्षेत्र में दबिश दी गई, जहां आरोपी रजत निवासी कुरुक्षेत्र बाइक पर भागने लगा तथा केएमपी 152डी पुल के पास पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आरोपी द्वारा पुलिस पर लगभग चार राउंड फायर किए गए। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में सीमित एवं नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर काबू कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी पिस्तौल, 32 बोर व 2 कारतूस तथा 4 खाली खोल बरामद हुए थे। आरोपी भरत फायरिंग की वारदात में मौके पर बाइक चला रहा था व उसने भी फायर किए थे तथा आरोपी रवि ने वारदात के बाद अन्य आरोपियों की सहायता की, उसने हथियार अपने पास रख लिए तथा बाद में आगे गिरोह में शामिल आरोपियों को हथियार सप्लाई किए।
आरोपियों ने मांगी 1 करोड़ की फिरौती
आरोपी भरत व रजत की गिरफ्तारी पर हरियाणा पुलिस की तरफ से 5 हजार रुपए की ईनाम घोषित किया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि आरोपियों द्वारा उक्त दुकान पर फायरिंग करके करीब 1 करोड़ की फिरौती मांगी गई थी। दोनो आरोपियों का शुक्रवार को न्यायालय से पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।