धुंध ने लगाए रफ्तार पर ब्रेक, बसों से लेकर ट्रेन तक हो रहीं लेट

punjabkesari.in Sunday, Jan 19, 2020 - 12:44 PM (IST)

जींद(ब्यूरो): शनिवार को जींद व आसपास के क्षेत्र में घने कोहरे ने जिंदगी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिए। घने कोहरे के कारण दिन में भी वाहनों को लाइट जलाकर चलाना पड़ा तो रोडवेज की बसों से लेकर ट्रेन तक सब अपने निर्धारित समय से काफी देरी से अपने गंतव्य पर पहुंची। इससे जनजीवन भी प्रभावित हुआ। सुबह इस क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था। लोग नींद से उठे तो चारों तरफ सफेद कोहरे की चादर सी नजर आ रही थी। सुबह के समय विजिबिलिटी महज 10 मीटर भी नहीं थी। हाथ को हाथ भी नजर नहीं आ रहा था।

घने कोहरे के कारण सुबह जींद बस अड्डे से चंडीगढ़, दिल्ली, लुधियाना, हरिद्वार और हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब के लिए रवाना हुई जींद डिपो की बसों में यात्री नहीं के बराबर थे। बस अड्डा पूरी तरह से वीरान नजर आ रहा था। दोपहर तक भी घना कोहरा चारों तरफ छाया हुआ था। सड़कों पर दिन के समय भी वाहन लाइट जलाकर गुजरते नजर आए। बाजारों में भी घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के कारण रौनक नजर नहीं आ रही थी। दूसरे शहरों से चलकर आने वाली हरियाणा रोडवेज की बसें और ट्रेन आदि सब जींद में बहुत देरी से पहुंच रहे थे। ट्रेन लगभग 45 मिनट लेट थी तो रोडवेज बसें भी 30 मिनट से लेकर एक घंटे तक की देरी से पहुंच रही थी। चालकों के लिए सुबह कोहरे में बस चलाना बेहद खतरनाक बना हुआ था।

पूरा दिन सूर्य देवता के दर्शन नहीं हो पाए। दोपहर कुछ समय के लिए कोहरा हटता नजर आया, लेकिन दिन ढलते ही फिर कोहरे ने दस्तक दे दी थी। घने कोहरे के साथ-साथ कड़ाके की ठंड ने जन-जीवन को बुरी तरह से प्रभावित किया। कई दिनों बाद स्कूल खुले मगर बच्चों को कड़ाके की ठंड के कारण काफी दिक्कत हुई।

सुबह घने कोहरे के कारण पिल्लूखेड़ा-भंभेवा मार्ग पर मोरखी गांव के पास एक रोडवेज बस और बोलैरो गाड़ी के बीच टक्कर हो गई। बस और बोलैरो के चालक को घने कोहरे के कारण आगे कुछ दिखाई नहीं देने के कारण दोनों वाहन आपस में टकरा गए। यह गनीमत रही कि दोनों वाहनों की रफ्तार कम होने के कारण इसमें कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ। दोनों वाहन जरूर टक्कर के कारण क्षतिग्रस्त हो गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static