बीमारी से परेशान इंडियन बैंक के पूर्व असिस्टेंट जनरल मैनेजर ट्रेन के आगे कूदे, मौत
punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 06:41 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सुशांत लोक फेज-एक के रहने वाले इंडियन बैंक के पूर्व असिस्टेंट जनरल मैनेजर (एजीएम) ने बीमारी से परेशान होकर ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब दो बजे दौलताबाद फ्लाईओवर के पास की है। मृतक बुजुर्ग की जेब से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि वे अपनी बीमारी और जिंदगी से थक चुके हैं तथा उनकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची जीआरपी (रेलवे पुलिस) ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सेक्टर-43 स्थित सुशांत लोक-एक निवासी 72 वर्षीय प्रदीप कुमार अरोड़ा पिछले काफी समय से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे। देर रात करीब दो बजे वे दौलताबाद फ्लाईओवर के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंचे और सामने से आ रही ट्रेन के आगे कूद गए। हादसे में उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आसपास के लोगों और रेलवे ट्रैक से गुजर रहे चालकों ने जब शव देखा, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब मृतक की तलाशी ली, तो उनकी जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। सुसाइड नोट में प्रदीप कुमार अरोड़ा ने लिखा मैं अपनी बीमारी और जिंदगी से थक गया हूँ। मेरी मौत के लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक प्रदीप कुमार अरोड़ा करीब आठ साल पहले इंडियन बैंक में सहायक जनरल मैनेजर के पद से सेवानिवृत हुए थे। सेवानिवृत्त होने के बाद से वे अपने परिवार के साथ सेक्टर-43 में रह रहे थे। पिछले कुछ समय से बीमारी के कारण वे काफी तनाव और मानसिक परेशानी से गुजर रहे थे।
रेलवे पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया है और परिजनों से बातचीत कर पूरे मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है। इस दुखद घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम छाया हुआ है।