पानीपत में चार दोस्त भयानक हादसे का शिकार...2 की मौत, एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे हरिद्वार
punjabkesari.in Monday, May 11, 2026 - 01:03 PM (IST)
पानीपत (सचिन शर्मा) : हरियाणा के पानीपत से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। हरिद्वार जा रहे चार दोस्तों की बाइक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना जिले के इसराना थाना क्षेत्र के शाहपुर बस स्टैंड के पास की है। हादसे में प्रदीप और रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संजय और सोहन गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर हरिद्वार जा रहे थे। रास्ते में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों दोस्त सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे में प्रदीप और रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संजय और सोहन गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया।
इसराना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि चारों युवक दिहाड़ी मजदूरी का काम करते थे और वे धार्मिक यात्रा पर निकले थे। पुलिस शाहपुर अड्डे और आसपास के ढाबों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। शवों का आज पोस्टमॉर्टम होगा।