मेट्रो स्टेशन पर लोगों को अपनी बातों के जाल में फंसाकर खातों पर सेंध लगाने वाले गिरोह का भंडाफोड़
punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 10:19 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): मेट्रो स्टेशनों पर अपनी बातों के जाल में फंसा कर उनके बैंक खातों में सेंध लगाने वाले गिरोह के एक सदस्य को गुरुग्राम पुलिस ने दबोच लिया है। मेट्रो थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के पास से 30 हजार रुपये की नकदी बरामद की है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर 2025 को एक व्यक्ति को मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन पर दो अज्ञात युवकों ने अपनी बातों में उलझा लिया। शातिरों ने झांसे में लेकर पीड़ित के मोबाइल फोन और क्रेडिट/डेबिट कार्ड का पासवर्ड जान लिया। इसके बाद आरोपी उसका फोन और कार्ड लेकर रफूचक्कर हो गए और उसके बैंक खाते से करीब 64 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर मेट्रो थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक अप्रैल को आरोपी को गुरुग्राम से काबू किया। आरोपी की पहचान विशाल निवासी सरस्वती कॉलोनी, जिला फरीदाबाद के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि ठगी गई राशि में से 30 हजार रुपये उसके बैंक खाते में यूपीआई के जरिए ट्रांसफर किए गए थे। इस रकम को अपने खाते में मंगवाने के बदले विशाल को 5 हजार रुपये का कमीशन मिला था। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी गुरुग्राम में आबकारी अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज है। मेट्रो थाना पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी के 30 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं।