दूसरे दिन तोड़ दिए 425 शेड और 225 अवैध रैंप

punjabkesari.in Tuesday, Aug 11, 2026 - 08:31 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो) : शहर की सड़कों, नालों, ग्रीन बेल्ट और सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ जीएमडीए की कार्रवाई मंगलवार को और तेज हो गई। ‘अतिक्रमण मुक्त गुरुग्राम’ अभियान के तहत जीएमडीए की टीमों ने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए करीब 15 किलोमीटर सड़क क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस दौरान करीब 425 शेड और 225 अवैध रैंप हटाए गए। इसके अलावा सड़क किनारे लगे अवैध ठेले, अस्थायी दुकानें, निर्माण सामग्री और अन्य अस्थायी ढांचे भी हटाए गए।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।


जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में सड़क की राइट ऑफ वे, नालों, ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि सड़क की वास्तविक चौड़ाई वापस दिलाकर यातायात को सुचारु करना और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को उसके मूल स्वरूप में बहाल करना है।

सेक्टर-7/9 रोड से दीवारें, रैंप और ठेले हटाए
सेक्टर-7/9 डिवाइडिंग रोड पर करीब एक किलोमीटर हिस्से में कार्रवाई की गई। यहां आर ओ डब्ल्यू में बनी चारदीवारी, अवैध रैंप, 10 शेड और करीब 20 ठेले हटाए गए। कार्रवाई के बाद सड़क किनारे का काफी हिस्सा खुल गया। रेलवे रोड पर भी करीब एक किलोमीटर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। यहां सड़क पर खड़े 10 अवैध ठेले हटाए गए। वहीं सेक्टर-9/9ए डिवाइडिंग रोड पर करीब एक किलोमीटर हिस्से में 10 से 15 अवैध ठेले, पांच टिन शेड और रैंप हटाए गए।

अतुल कटारिया चौक से भगत सिंह चौक तक 3 किमी सड़क करवाई खाली
अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई अतुल कटारिया चौक से शहीद भगत सिंह चौक के बीच करीब तीन किलोमीटर लंबे हिस्से में हुई। यहां करीब 100 शेड और 80 अवैध रैंप हटाए गए। कई स्थानों पर सड़क की करीब 15 फीट जगह अतिक्रमण की चपेट में थी, जिसे कार्रवाई के बाद वापस लिया गया।इसी तरह सेक्टर-90/93 और सेक्टर-81/86 डिवाइडिंग रोड पर करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में कार्रवाई की गई। यहां सड़क की जमीन पर कब्जा कर लगाए गए करीब 20 ठेले, तीन शेड/दुकानें और अन्य अस्थायी दुकानें हटाई गईं।

भगत सिंह चौक-रेजांगला चौक पर 300 शेड और 100 रैंप हटे
अभियान की सबसे बड़ी कार्रवाई शहीद भगत सिंह चौक से रेजांगला चौक के बीच हुई। यहां करीब 300 शेड और 100 अवैध रैंप हटाए गए। करीब 15 फीट तक सड़क की जगह पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर सड़क किनारे का हिस्सा खाली कराया गया। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से इस व्यस्त कॉरिडोर में सड़क की प्रभावी चौड़ाई बढ़ेगी और यातायात के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।

नालों पर बनाए रैंप भी तोड़े, टाइल लगाकर कब्जा किया था
अभियान में नालों पर बनाए गए अवैध रैंप भी जीएमडीए के निशाने पर रहे। कई जगह लोगों ने नालों के ऊपर रैंप बनाकर उन पर टाइलें लगा दी थीं। इसके चलते नालों की जमीन निजी इस्तेमाल में आ गई थी। कुछ स्थानों पर इन जगहों का इस्तेमाल कचरा और अन्य सामान रखने के लिए भी किया जा रहा था। टीमों ने ऐसे रैंप हटाकर नालों के रास्ते को दोबारा खुला कराया। अधिकारियों के अनुसार, इससे बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था को सुचारु रखने और भविष्य में नालों की सफाई व रखरखाव में भी सुविधा होगी।

आर ओ डब्ल्यू से निर्माण सामग्री और फूल बाजार हटाया
सड़क के आर ओ डब्ल्यू में रखी निर्माण सामग्री को भी हटाया गया। अधिकारियों के मुताबिक सड़क पर पड़ा भवन निर्माण सामान सड़क की उपयोगी चौड़ाई कम कर रहा था और वाहनों के साथ पैदल चलने वालों के लिए भी परेशानी पैदा कर रहा था। एक स्थान पर आर ओ डब्ल्यू में चल रहे फूल बाजार को भी हटाया गया। बाजार के कारण कब्जे में आई सार्वजनिक जमीन को खाली कराया गया, जिससे आसपास यातायात और आवागमन के लिए जगह उपलब्ध हुई।

शीतला माता रोड पर दुकानदारों को चेतावनी
शीतला माता रोड पर दुकानदारों को सड़क के किनारे और आरओ डब्ल्यू में सामान रखने से रोकने के निर्देश दिए गए। उन्हें कहा गया कि सड़क पर व्यापारिक अथवा निर्माण सामग्री रखने के बजाय उपलब्ध स्थान का उपयोग पार्किंग के लिए करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क की जगह को सामान रखने के लिए इस्तेमाल करने से यातायात बाधित होता है और अनावश्यक जाम की स्थिति बनती है।

40 मकानों का ग्रीन बेल्ट और आरओडब्ल्यू से कब्जा हटाया
अभियान के दौरान रिहायशी क्षेत्रों में भी कार्रवाई की गई। करीब 40 मकानों ने ग्रीन बेल्ट और आर ओ डब्ल्यू की जमीन को निजी परिसर में शामिल कर लिया था । टीमों ने मौके पर कार्रवाई कर इन हिस्सों को खाली कराया और सार्वजनिक जमीन को उसके मूल उपयोग के लिए बहाल किया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static