कुरुक्षेत्र में ''बैसाखी'' का महासंगम: 38 लाख के इनाम और 500 ड्रोन का दिखेगा जलवा,  CM  करेंगे महोत्सव का आगाज़

punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 12:45 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पहली बार आयोजित होने जा रहे राज्य स्तरीय बैसाखी महोत्सव को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महोत्सव का शुभारंभ 13 अप्रैल को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे। कार्यक्रम में प्रसिद्ध पंजाबी कलाकार लखविन्द्र वडाली और कुलविन्द्र बिल्ला अपनी प्रस्तुति देंगे। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों को 38 लाख रुपए से अधिक की इनामी राशि भी प्रदान की जाएगी।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि इस महोत्सव में कई आकर्षक प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में दांतों से वजन खींचने वाले कलाकार नरेन्द्र सिंह का प्रदर्शन और सर्कल कबड्डी मैच भी मुख्य आकर्षण रहेगा। इसके अलावा महिला व पुरुष दंगल, दस्तारबंदी, गतका, हरियाणवी स्टाइल पगड़ी बांधने की प्रतियोगिता, महिलाओं की मटका दौड़, पतंगबाजी सहित विद्यार्थियों के लिए मेहंदी, रंगोली और पेंटिंग प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी।

दस्तार सजाने वालों को मिलेंगे इनाम
महोत्सव में सबसे सुंदर दस्तार सजाने वाले प्रतिभागी को 11 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके लिए सीनियर और जूनियर वर्ग में प्रतियोगिता आयोजित होगी। दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 11-11 हजार रुपए, द्वितीय स्थान पर आने वाले को 8100-8100 रुपए और तृतीय स्थान पर रहने वाले को 5100-5100 रुपए की इनामी राशि दी जाएगी। साथ ही हरियाणवी शैली में पगड़ी बांधने की प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

दंगल में होंगे करीब 200 मुकाबले
महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले दंगल में राज्यभर के महिला और पुरुष पहलवान हिस्सा लेंगे। दंगल में लगभग 200 मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। बैसाखी केसरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले पहलवान को 51 हजार रुपए और द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 31 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। पुरुष वर्ग में 86 किलोग्राम से अधिक और महिला वर्ग में 65 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी।

500 ड्रोन से होगा भव्य ड्रोन शो
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि 13 अप्रैल को सुबह करीब 11 बजे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी महोत्सव का विधिवत उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम की थीम पंजाबी संस्कृति पर आधारित होगी। इस अवसर पर 500 ड्रोन के साथ भव्य ड्रोन शो भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें आसमान में बैसाखी के महत्व और संदेश को दर्शाया जाएगा।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static