पलभर में उजड़ीं खुशियां, राजस्थान में सड़क हादसे में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, पूरे गांव में शोक
punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2026 - 03:16 PM (IST)
रोहतक : हरियाणा से इस वक्त की एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है। यहां राजस्थान के नागौर और जोधपुर जिले की सीमा पर रोहतक निवासी एक ही परिवार के 3 सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्ची जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
मिली जानकारी के अनुसार यह भीषण हादसा रविवार दोपहर को बोरुंदा-बीटन सरहद पर एक पेट्रोल पंप के पास हुआ। यहां बोरुंदा की ओर आ रही एक कार की मेड़ता की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर से आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बेकाबू ट्रेलर कार को करीब 50 फीट तक सड़क पर घसीटता हुआ ले गया।
इस हृदयविदारक घटना में कार सवार पति, पत्नी और उनकी छह साल की छोटी बेटी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, परिवार की आठ साल की बड़ी बेटी इस हादसे में बुरी तरह घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जसनगर थानाधिकारी छीतरमल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पीड़ित परिवार हरियाणा के रोहतक जिले का रहने वाला है। दुर्घटना के तुरंत बाद राजमार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया था, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर फिर से सुचारू करवाया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया गया है और उनके परिजनों को इस दुःखद घटना की सूचना दी जा रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)