शातिर युवक ने ATM कार्ड बदलकर निकाले हजारों रुपए

punjabkesari.in Friday, Oct 28, 2016 - 03:21 PM (IST)

गुड़गांव: शहर में ठगों का गिरोह सक्रिय हो गया है। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ठगों ने 2 लोगों का ए.टी.एम. बदलकर उनके खाते से करीब 44 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोधाखड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

 

पहला मामला सिटी थाना क्षेत्र का है। शहर के जवाहर नगर की रहने वाली नैंसी नाम की लड़की कॉलोनी स्थित एक ए.टी.एम. से पैसे निकालने गई थी। इस दौरान वहां पर कुछ युवक पहले से ही मौजूद थे। लड़की कैबिन में जाकर पैसे निकालने के लिए मशीन में कार्ड डाला। प्रोसेसिंग के बाद उसने पिन कोड भी एंटर किया, लेकिन पैसे नहीं निकले। लड़की ने एक-दो बार पैसे निकालने का प्रयास किया। इस बीच एक युवक मदद करने के बहाने आया। 

 

बताया जाता है कि पैसे नहीं निकलने के बाद लड़की चली गई। आरोप है कि इस दौरान लड़के ने ए.टी.एम. कार्ड बदल लिया और कुछ ही देर में खाते से 36 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़िता के मोबाइल पर मैसेज आने के बाद उसे ठगी का अहसास हुआ।

 

पीड़िता ने इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया। वहीं सनसिटी निवासी देवेश कुमार ने भी पुलिस को शिकायत देते हुए बताया है कि अज्ञात लोगों ने उसका ए.टी.एम. कार्ड बदलकर उसके खाते से 8 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ित सेक्टर-56 स्थित एक ए.टी.एम. पर पैसे निकालने गया हुआ था। उसकी शिकायत पर सेक्टर-56 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static