Haryana Budget LIVE: महिलाओं को गाड़ियां खरीदने पर छूट, अग्निवीरों को पुलिसभर्ती में 20% रिजर्वेशन, यहां जानें पल-पल की अपडेट
punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 02:59 PM (IST)
हरियाणा डेस्क: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दूसरी बार बजट पेश कर रहे हैं। बजट पेश करने से पहले सीएम सैनी ने CM आवास पर बजट की कॉपी पर साइन किए। इस दौरान नायब सैनी केसरिया पगड़ी पहने हुए थे। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर वित्त मंत्री ने कहा कि इस बार ₹2,23,658.17 करोड़ का बजट पेश किया जाएगा। जोकि यह पिछले बजट से 10.28 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं सैनी ने बजट भाषण की शुरुआत गुरु नानक देव जी के सिद्धांत किरत कर, नाम जप, वंड छक से की।
CM सैनी के बजट के मुख्य बिंदु
धार्मिक स्थलों के लिए चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें- नायब सैनी ने कहा कि चंडीगढ़-दिल्ली एयरपोर्ट-गुरुग्राम और चंडीगढ़ से मुख्य धार्मिक स्थलों जैसे कटरा, सालासर, खाटूश्याम, हरिद्वार, अमृतसर आदि की यात्रा के लिए हरियाणा रोडवेज द्वारा 50 नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद की जाएगी, जिससे पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। वर्तमान में 12 शहरों में चल रही इलैक्ट्रिक सिटी बसों के समान यह सेवा शेष जिला मुख्यालयों में भी शुरू की जाएगी।
महिलाओं को गाड़ियां खरीदने में छूट: सीएम सैनी ने कहा कि अगर कोई महिला अपने नाम पर गाड़ी खरीदती है, तो उसे टैक्स में 1% की छूट मिलेगी, जिससे महिलाओं को गाड़ी खरीदने में मदद मिलेगी। इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने पर टैक्स में पहले से ही 20% की छूट मिल रही है, जिसे और बढ़ाया जाएगा, ताकि लोग इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने के लिए प्रोत्साहित हों और प्रदूषण कम हो।
पुलिस में अग्निवीरों को 20% रिजर्वेशन
सीएम ने पुलिस भर्ती में अग्निवीरों के लिए 20 फीसदी रिजर्वेशन का प्रस्ताव रखा है। अगले साल 1300 अग्निवीरों की पुलिस में विशेष भर्ती होगी। यहां बता दें कि अग्निवीरों का पहले बैच का कार्यकाल इसी साल पूरी हो रहा है।
इन जिलों में बनाए जाएगे 21 नए खेल स्टेडियम
सीएम सैनी ने खिलाड़ियों के लिए बड़ी घोषणा की कि राज्य के हर जिले में एक सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बनाया जाएगा। साथ ही हर जिले में एक खेलो इंडिया सेंटर भी खोला जाएगा, जिसे किसी पूर्व चैंपियन खिलाड़ी द्वारा चलाया जाएगा। इसके अलावा, कैथल, झज्जर, चरखी दादरी, गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र, जींद, रोहतक, फरीदाबाद, यमुनानगर, सोनीपत, फतेहाबाद और पलवल में 21 नए खेल स्टेडियम भी बनाए जाएंगे।

शहरों में 150 किमी लंबी सीवरेज लाइन बिछेगी- महाग्राम योजना के तहत 10 गांवों में पेयजल आपूर्ति 55 से बढ़ाकर 135 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन होगी। शहरी क्षेत्रों में 150 किमी लंबी सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। शुद्ध जल बचाने के लिए नई नीति के तहत 31 दिसंबर, 2028 तक 100% रिसाइक्ल्ड वेस्ट वाटर का उपयोग गैर-उपभोग्य प्रयोजनों के लिए किया जाएगा। पेयजल गुणवत्ता सुधार के लिए हिसार सहित 5 जिलों के 44 वाटर वर्क्स टैंकों को RCC लाइनिंग में बदला जाएगा।
राजकीय स्कूलों में डबल डेस्क लगेंगे: मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा दिवस (1 नवंबर) तक राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में डबल डेस्क की व्यवस्था कर दी जाएगी। सीएम सैनी ने कहा कि अब कोई भी बच्चा सरकारी स्कूल में टाट पट्टी पर नहीं बैठने दिया जाएगा।
वीटा बूथों में महिला समूहों को 20 फीसदी रिजर्वेशन: CM सैनी ने 2000 नए बीटा बूथ खोलने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इसमें स्वयं सहायता समूह चलाने वाली महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इन बूथों में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को 20% आरक्षण दिया जाएगा।

महिलाओं के लिए सीएम ने की बड़ी घोषणा: बजट में सीएम सैनी महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा की है। हर नारी, स्वस्थ नारी योजना के तहत, हर जिले में स्वस्थ नारी क्लीनिक बनाए जाएंगे।
हरियाणा में नया बिजली निगम बनेगा: CM सैनी ने कहा कि हरियाणा में वर्तमान में 2 बिजली वितरण निगम हैं- उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (HBVN) और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN)। सरकार एक और बिजली वितरण निगम स्थापित करेगी। किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन दिलाए जाएंगे।
2,23,658.17 का बजट करेंगे पेश : CM नायब सैनी ने कहा कि मैं वर्ष 2026-27 के लिए कुल ₹2,23,658.17 करोड़ का बजट प्रस्तावित करता हूं, जो वर्ष 2025-26 के संशोधित आंकड़े ₹2,02,816.66 करोड़ से 10.28% अधिक है।
हरियाणा ने इस बार कुल 98 प्रतिशत बजट किया खर्च- सीएम ने कहा कि हरियाणा ने इस बार कुल 98 प्रतिशत बजट खर्च किया है। यह इतिहास में पहली बार हुआ है। राजकोषीय घाटे में 2014 से 2024 तक 2.75 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, जबकि पिछली सरकार के कार्यकाल में यह 44 फीसदी तक बढ़ गया था। सरकारी उपक्रमों के घाटे में तीन गुना की कमी आई है।

इस बार बजट में उद्योग, खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, विकास, महिलाओं, युवाओं, एआई, प्राकृतिक खेती पर फोकस और लाडो लक्ष्मी योजना का आकार बढ़ाने वाला बजट हो सकता है। इसके अलावा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) उद्योग सेक्टर को बड़ी राहत मिलने की भी संभावना है। वहीं किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन को लेकर भी छूट मिल सकती है। इसके अलावा राज्य में खाली पड़े ग्रुप-D के पदों को भरने को लेकर भी ऐलान हो सकता है।

बजट पेश करने से पहले सीएम ने बजट कॉपी पर किए साइन
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)