हरियाणा के मुख्यमंत्री ने युवा कोच दीपक कंबोज को किया सम्मानित

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 07:26 PM (IST)

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में संत कबीर कुटीर, मुख्यमंत्री आवास पर रतिया के युवा कोच दीपक कंबोज को सम्मानित किया। दीपक कंबोज को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज होने पर यह सम्मान दिया गया है। मुख्यमंत्री ने दीपक कंबोज को मैडल पहनाकर और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया और कहा कि दीपक कंबोज ने न केवल खेलों में बल्कि सामाजिक स्तर पर भी यह साबित कर दिया है कि अगर जज्बा हो, तो शारीरिक चुनौतियां कभी बाधा नहीं बन सकतीं।

इस अवसर पर बाबा भूमन शाह डेरा के गद्दीनशीन संत बाबा ब्रह्मदास महाराज जी ने भी दीपक कंबोज को अच्छे कार्य और भविष्य में कामयाबी के लिए आशीर्वाद दिया। इस शुभ अवसर पर दीपक कंबोज के पिता कश्मीर सिंह और कम्बोज धर्मशाला रतिया के पूर्व प्रधान भी उपस्थित थे।

PunjabKesari

दीपक कंबोज को यह सम्मान इसलिए दिया गया है क्योंकि उन्होंने भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम को कई बड़ी उपलब्धियाँ दिलाई हैं। उनकी कोचिंग में भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम ने एशिया कप, बांग्लादेश में संचालित त्रिकोणीय श्रृंखला, श्रीलंका के साथ ऑक्सीजन कप, थाईलैंड कप, मलेशिया कप और यूएई के शारजाह स्टेडियम में संचालित विश्व की सबसे बड़ी दिव्यांग प्रीमियर लीग जैसी उपलब्धियाँ हासिल की हैं।

दीपक कंबोज के परिवार, गांव वासियों और खेल प्रेमियों में इस सम्मान के लिए बहुत खुशी है। दीपक कंबोज एक प्रमुख भारतीय टीम के कोच हैं, जो विशेष रूप से भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम के कोच के रूप में अपनी सेवाओं के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने ऐसे खिलाड़ियों को कोचिंग दी है जिनके हाथ और पांव नहीं थे, लेकिन उन्होंने क्रिकेट जैसे मुश्किल खेल में अपने देश का नाम विश्व स्तर पर चमकाया है।

दीपक कंबोज के इस प्रयास ने न केवल खेल जगत में बल्कि सामाजिक स्तर पर भी दिव्यांग खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और वे युवाओं के लिए एक प्रेरणा की मिसाल बने हैं।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static