राहुल गांधी के खास रहे अशोक तंवर ने किया नए मोर्चे का ऐलान, 2019 में मतभेद के चलते छोड़ी थी कांग्रेस

punjabkesari.in Thursday, Feb 25, 2021 - 02:20 PM (IST)

नई दिल्ली(कमल कांसल): हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ मतभेदों के बाद कांग्रेस छोड़ने वाले पूर्व प्रदेश पार्टी अध्यक्ष अशोक तंवर ने आज राज्य में एक नई पार्टी लॉन्च कर दी है। अशोक तंवर ने 'अपना भारत मोर्चा' नाम की पार्टी बनाने का ऐलान किया है। बता दें कि पांच साल से अधिक समय तक कांग्रेस के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष रहे अशोक तंवर ने अपने समर्थकों को 2019 विधानसभा चुनाव में टिकट से वंचित करने के बाद पार्टी छोड़ दी थ। माना जा रहा है कि कांग्रेस और बीजेपी के बीच एक स्थान की तलाश में हैं और वह राज्य में दलित वोटों को टारगेट करके चलने वाले हैं।



हरियाणा में फिलहाल कांग्रेस मुख्य विपक्षी पार्टी है, जबकि जेजेपी के साथ गठबंधन में भाजपा राज्य में शासन कर रही है। ऐसे में तंवर की नजर उस सेगमेंट पर है, जो भाजपा और कांग्रेस दोनों के खिलाफ है। गौर रहे कि इससे पहले हरियाणा में कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल ने हरियाणा विकास पार्टी की शुरूआत की थी, लेकिन बाद में वह 2004 में कांग्रेस में लौट आए और अपनी पार्टी का इसमें विलय कर दिया था।


राष्ट्रीय राजनीति पर रहेगा मोर्चे का फोकस
गौरतलब है कि डा. अशोक तंवर ने छात्र नेता के रूप में सियासत में दस्तक दी। वे कांग्रेस के विद्यार्थी संगठन एन.एस.यू.आई के सचिव और अध्यक्ष रहे। बाद में वे युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बने। साल 2009 में उन्होंने सिरसा लोकसभा सीट से इनैलो के डा. सीताराम को करीब 35001 वोटों से हराया। 2014 और 2019 का लोकसभा चुनाव वे हार गए। फरवरी 2014 में उन्हें हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया।  2019 के विधानसभा चुनावों में अशोक तंवर ने उनके समर्थकों को टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर न केवल कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पद से त्याग पत्र दे दिया था, बल्कि कांग्रेस को ही अलविदा कर दिया था। अपना फायदा देखने की बजाए समर्थकों के लिए कुर्बानी देने वाले अशोक तंवर ने हरियाणा विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को हराने में अहम रोल अदा किया था। इसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि अशोक तंवर नई पार्टी का गठन करेंगे। लेकिन अशोक तंवर अभी तक सार्वजनिक मंचों पर अलग पार्टी बनाने की बात से इंकार करते रहे हैं।


(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static