Haryana: कुरुक्षेत्र में सहायक लाइनमैन की करंट लगने से मौत, 1 साल पहले बिजली निगम में हुए थे भर्ती
punjabkesari.in Tuesday, Nov 25, 2025 - 06:53 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल देव) : कुरुक्षेत्र के पिहोवा में बिजली निगम के सहायक लाइनमैन (ALM) अनूप कुमार (34) की करंट लगने से मौत हो गई। वे रात लगभग 10:30 बजे तिलक कॉलोनी में ट्रांसफॉर्मर की शिकायत ठीक करने गए थे। खंभे पर चढ़ते ही उन्हें करंट लगा और वे नीचे गिर पड़े, जिससे गंभीर चोट आई। साथी उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अनूप हिसार के हांडा खेड़ी के निवासी थे और एक साल पहले ही बिजली निगम में भर्ती हुए थे। इससे पहले वे मोबाइल कंपनी में इंजीनियर थे। उनके परिवार में पत्नी, 7 साल का बेटा और 4 साल की बेटी है। पुलिस ने इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज की है और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फोरेंसिक रिपोर्ट में प्राथमिक कारण करंट लगना बताया गया है, जबकि विसरा आगे की जांच के लिए भेजा गया है।
एचएसईबी वर्कर यूनियन के प्रधान बलबीर रंगा ने बताया कि रविवार रात को बिजली निगम को पिहोवा की तिलक कॉलोनी से बिजली फ्लेक्स-वेट की शिकायत मिली थी। इस पर अनूप कुमार अपने साथी अमन के साथ कंप्लेन पर ट्रांसफॉर्मर ठीक करने मौके पर गए थे। अनूप कुमार खंभे पर चढ़े तो करंट लगते ही नीचे गिर गए। नीचे गिरने उनके हाथ और गर्दन पर चोट लग गई। उनके साथी अमन ने अन्य साथियों को सूचना दी और अनूप को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने अनूप की जांच करके उसे मृत घोषित कर दिया।
1 साल पहले भर्ती हुए
पिछले साल ही अनूप कुमार बिजली निगम में बतौर ALM भर्ती हुए थे। इससे पहले अनूप कुमार जींद में एक मोबाइल कंपनी में बतौर इंजीनियर काम करते थे। विभाग में सलेक्शन के बाद उन्होंने उस कंपनी को छोड़ दिया। पिहोवा में उनकी पहली पोस्टिंग हुई थी।