Haryana में डिफाल्टर राइस मिलरों की प्रॉपर्टी होगी नीलाम, खाद्य विभाग का सख्त कदम, करोड़ों के घोटाले का है मामला
punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 04:38 PM (IST)
अंबाला : खरीफ मार्केटिंग सीजन 2024-25 के दौरान सरकार को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाने वाले 3 डिफाल्टर राइस मिलरों के खिलाफ खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। विभाग ने संबंधित मिलों की संपत्तियां जब्त कर लीं और अब सरकारी राशि की रिकवरी के लिए नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मामला नारायणगढ़ क्षेत्र की तीन राइस मिलों श्री कृष्णा राइस मिल, श्री कृष्णा द्र राइस मिल और अंबे राइस मिल से जुड़ा है। सरकार की ओर से इन मिलों को धान (पैडी) आवंटित किया गया था, जिसे 30 सितंबर 2025 तक मिलिंग कर चावल के रूप में जमा कराना अनिवार्य था। निर्धारित समय सीमा के बावजूद तीनों मिल संचालकों ने तय मात्रा में चावल जमा नहीं कराया, जिससे सरकारी खजाने को भारी वित्तीय क्षति हुई।
चांदसोली स्थित श्री कृष्णा राइस मिल को 56,338.125 क्विंटल धान आवंटित किया गया था, लेकिन मिलिंग के बाद पूरी मात्रा में चावल वापस नहीं किया गया। विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दो मामलों में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है, जबकि तीसरे मामले में कार्रवाई अंतिम चरण में है।
नीलामी की तिथि निर्धारित कर होगी आगे की कार्रवाई
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (DFSC) निशांत राठी ने बताया कि तीनों राइस मिल संचालकों की अचल संपत्तियों को नीलाम कर सरकारी राजस्व की भरपाई की जाएगी। नीलामी प्रक्रिया के लिए नायब तहसीलदार को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। जल्द ही नीलामी की तिथि निर्धारित कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विभाग की इस सख्त कार्रवाई से अन्य मिल संचालकों को भी स्पष्ट संदेश दिया गया है कि सरकारी नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)