'Haryana पेपर लीक मामले में नंबर-1, HPSC चेयरमैन को इस्तीफा दे देना चाहिए', दीपेंद्र हुड्डा का सरकार पर बड़ा हमला

punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 07:51 PM (IST)

सोनीपत (सन्नी मलिक) : सोनीपत के गांव फरमाना पहुंचे रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। हुड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग से पहले आनन-फानन में शिक्षा मंत्री का इस्तीफा हुआ है। यह शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं बल्कि युवाओं ने शिक्षा मंत्री को बर्खास्त किया है। युवाओं के सामने आखिरकार सरकार झुक गई है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद विपक्षी दल के नेताओं में जोश देखा जा रहा है।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि देश के युवाओं के सामने 36 दिन के बाद सरकार झुकी है और यह शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं बल्कि युवाओं द्वारा उनको बर्खास्त किया गया है। जो सरकार के नेता यह कहते थे कि इस्तीफा नहीं होगा हम उन्हें बताना चाहते हैं कि इस्तीफा हो चुका है। देश के युवाओं, किसानों और पहलवानों को एंटी नेशनल बताने वाले सत्ताधारी पार्टी के नेताओं को यह स्पष्ट संदेश है कि ये सभी देशभक्त लोग हैं।

उन्होंने हरियाणा सरकार पर भी जबरदस्त तंज और कहा कि हरियाणा पेपर लीक मामले में नंबर वन है। एचपीएससी कार्यालय में अधिकारियों के पास से करोड़ों रुपये मिले हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों की आवाज उठाने के लिए विपक्ष हमेशा मैदान में है। हरियाणा सरकार को भी इस पर जवाब देना चाहिए। HPSC चेयरमैन को इस्तीफा दे देना चाहिए। हरियाणा में खर्चा और पर्चा की सरकार चल रही है।
 
संसद में होने वाले कल बहस पर बोलते हुए हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बहस के लिए तैयार है और कांग्रेस पार्टी युवाओं के हितों के लिए हमेशा खड़ी है। कुरुक्षेत्र में हुए विरोध प्रदर्शन में अधिकारियों द्वारा कुछ अपशब्द किए गए थे, वहीं भाजपा के नेताओं द्वारा भी अपशब्दों का इस्तमाल किया गया था, लेकिन पेपर लीक मामले में आने वाले बिल पर बहस होने पर दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कल सरकार बिल का मसौदा लेकर आती है, इसके बाद विचार होगा।

 उन्होंने कहा कि अभी हमारी सभी मांगें पूरी नहीं हुई हैं। छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस होंगे, इस पर भी संसद में चर्चा होगी। वहीं दिल्ली पुलिस के जवानों पर क्या कार्रवाई होगी, जिन्होंने छात्रों पर लाठी चार्ज किया था और किस मकसद पर और किसके कहने की पर किया था, उन पर भी कार्रवाई की मांग उठाई जाएगी।    

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)     

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static