हरियाणा की बेटी का जापान में दबदबा, जूडो-कराटे में जीता रजत
punjabkesari.in Friday, Jun 01, 2018 - 01:07 PM (IST)

मानेसर(राजेश): जापान में आयोजित एशियन जूड़ो-कराटे चैम्पियनशिप में मानेसर की बेटी ने रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। शुक्रवार को अपने पैतृक गांव मानेसर पहुंचने पर ग्रामीणों ने वंदना का जोरदार स्वागत किया। मानेसर निवासी सुनील यादव की पुत्री वंदना यादव ने जापान के शहर ओकिनावा में आयोजित एशियन कराटे चैम्पियनशिप प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक जीता।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पधारे डाक्टर अशोक दिवाकर ने गांव का नाम देश और विदेश में रोशन करने पर ग्रामीणों को बधाई दी। राव किशन लाल हाई स्कूल (कराटे एकेडमी) में पढ़ी वंदना की गाथाओं से स्कूल संचालक देविन्द्र सिंह यादव भी गौरवान्वित है। वंदना का कहना है कि उसकी आंखों में ओलंपिक जीतने का सपना है। इसके लिए वह कड़ी मेहनत करने से पीछे नहीं हटेगी। इस मौके पर पुष्प लता यादव (आईएएस)] भागीरथ यादव, सूदेश यादव, श्रीभगवान, रवि नम्बरदार, वेद रामपुरा, गांव की सरदारी व आसपास के लोग काफी संख्या में मौजूद रहे।
सरकार वंदना को प्रोत्साहन दे- ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि वंदना प्रतियोगिताओं में देश और क्षेत्र का नाम विदेश में रोशन कर रही है, लेकिन प्रदेश सरकार व जनप्रतिधियों के माध्यम से उसे कोई प्रोत्साहन नहीं मिल रहा। सरकार उसे प्रोत्साहित करे।