अहमदाबाद में चला हरियाणा की साम्या का जादू! Gold समेत जीते 3 मेडल...हुआ जोरदार स्वागत
punjabkesari.in Sunday, Apr 19, 2026 - 04:19 PM (IST)
बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़) : हरियाणा की तैराक साम्या शिंगारी ने खेलो इंडिया के तहत आयोजित अस्मिता वुमेन्स स्विमिंग नेशनल प्रतियोगिता में हरियाणा का गौरव बढ़ाने का काम किया है। साम्या ने एक साथ तीन मैडल हासिल किए हैं। साम्या ने 200 मीटर फ्री स्टाइल में गोल्ड मैडल, 400 मीटर फ्री स्टाइल में सिल्वर और 200 आई एम स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया है। साम्या ने बेहतर टाइमिंग के साथ मैडल हासिल किए हैं।
अस्मिता वुमेन्स स्विमिंग नेशनल गुजरात के अहमदाबाद में 12 से 14 अप्रैल तक आयोजित की गई थी। नेशनल प्रतियोगिता में मैडल जीतकर लौटी साम्या का हरियाणा तैराकी संघ ने जोरदार स्वागत किया। भारतीय तैराकी संघ के उपाध्यक्ष अनिल खत्री ने साम्या को नोटों की माला पहनाकर बधाई दी। फूल-माला पहनाकर तैराक का हौसला बढ़ाया गया। साम्या ने बताया कि माता पिता, कोच और हरियाणा तैराकी संघ के सहयोग और बेहतर सुविधाओं के कारण ये उपलब्धि हासिल की है।
वहीं भारतीय तैराकी संघ के उपाध्यक्ष अनिल खत्री ने बताया कि साम्या की उपलब्धि हरियाणा के दूसरे तैराकों के लिए प्रेरणा साबित होगी और हरियाणा के तैराक देश के लिए इंटरनेशनल मैडल भी हासिल करेंगे। साम्या शिंगारी चैंपियंस एक्वेटिक एकेडमी के स्विमिंग पूल पर तैराकी करती है। हरियाणा स्विमिंग एसोसिएशन के मातहत चैंपियंस एक्वेटिक एकेडमी ओलंपिक साइज ऑल वैदर स्विमिंग पूल्स में तैराक तैयार कर रही है। हरियाणा की तैराक शिवानी कटारिया ओलंपिक तैराकी में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)