हरियाणा में ACB का तगड़ा एक्शन, नायब तहसीलदार को 2 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा...

punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 08:46 PM (IST)

झज्जर (दिनेश मेहरा) : हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नायब तहसीलदार एवं सहायक चकबंदी अधिकारी बलवान सिंह, निवासी आदमपुर मंडी को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर जमीन की दुरुस्ती (सुधार) कराने के नाम पर शिकायतकर्ता से कुल 2 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। 

ACB के अनुसार,शिकायतकर्ता नवीन निवासी गांव वजीरपुर,जिला झज्जर की एमपी माजरा गांव स्थित जमीन वर्ष 2014-15 में हुई चकबंदी के दौरान कम दर्ज हो गई थी। इस त्रुटि को ठीक कराने के लिए उसने संबंधित विभाग में आवेदन किया था। आरोप है कि इस कार्य के बदले बलवान सिंह ने 2.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता से वह पहले ही 50 हजार रुपये ले चुका था,जबकि शेष 2 लाख रुपये लेने के लिए उसने उसे झज्जर-गुरुग्राम रोड पर बुलाया। 

शिकायत मिलने के बाद ACB  ने पूरे मामले का सत्यापन किया और इंस्पेक्टर देवेंद्र के नेतृत्व में ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के अनुसार जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 2 लाख रुपये लिए,एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले झज्जर तहसील में कार्यरत था,लेकिन 11 तारीख को उसका तबादला गुरुग्राम हो चुका था। वर्तमान में उसके पास गुरुग्राम और रेवाड़ी क्षेत्र का कार्यभार था। इसके बावजूद वह शिकायतकर्ता को गुमराह कर रिश्वत की मांग कर रहा था।

ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि उसने इसी प्रकार अन्य लोगों से भी रिश्वत ली है या नहीं। ब्यूरो का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static