Haryana: फतेहाबाद में टूटी सिद्धमुख ब्रांच नहर, एक हजार एकड़ फसल हुई जलमग्न

punjabkesari.in Sunday, Oct 05, 2025 - 11:01 AM (IST)

फतेहाबाद (रमेश कुमार) : फतेहाबाद जिले में गांव गोरखपुर में डूमा पुल के पास सिद्धमुख ब्रांच नहर टूट गई। नहर में करीब 40 फुट से ज्यादा चौड़ी दरार आ गई। इस कारण करीब एक हजार एकड़ फसल में पानी भर गया। वहीं, करीब कई ढाणियों के चारों ओर चार से पांच फुट जलभराव हो गया है। यहां रहने वाले परिवार ढाणियों में ही कैद होकर रह गए हैं।

रात में ही किसानों ने अपने स्तर पर नहर को बांधने का काम शुरू किया। इसके बाद सिंचाई विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। आसपास के गांवों के किसानों को भी सूचना दी गई। फिर गोरखपुर के साथ-साथ खजुरी जाटी व गांव कुम्हारिया के भी काफी किसान मौके पर पहुंचे। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने पीछे से नहर में पानी बंद करवाने के प्रयास किए। सुबह 3 बजे पीछे से पानी बंद हुआ है। कड़ी मशक्कत के बावजूद 8 घंटे बाद भी नहर को बांधा नहीं जा सका है।

जानकारी के अनुसार, रात 12 बजे सिद्धमुख नहर टूट गई। ढाणी में रहने वाला एक किसान लघु शंका के लिए उठा तो उसे पानी के बहाव का शोर सुनाई दिया। इसके बाद नजदीक जाकर देखा तो नहर टूटी हुई थी। इसके बाद सरपंच मनदीप योगी व अन्य ग्रामीणों को सूचना दी गई। सूचना पाकर सैकड़ों की संख्या में किसान मौके पर पहुंचे और अलग-अलग तरीके से नहर को बांधने का काम शुरू किया। फिलहाल काम जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Deepak Kumar

Related News

static