हरियाणा में खेल महाकुंभ का दूसरा चरण शुरू, CM सैनी बोले- आत्मविश्वास की पाठशाला है खेल
punjabkesari.in Wednesday, Sep 24, 2025 - 02:50 PM (IST)

डेस्कः हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंचकूला के सेक्टर 3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित खेल महाकुंभ के दूसरे चरण का उद्घाटन करने पहुंचे। इस अवसर पर हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम भी बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे। बता दें हरियाणा खेल महाकुंभ का दूसरा चरण आज से शुरू होकर 26 सितंबर 2025 तक चलेगा। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में प्रदेश के लगभग 3013 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इस चरण में जूडो, कराटे, कुश्ती, टेबल टेनिस, महिला एवं पुरुष वर्ग की वॉलीबॉल और पुरुष वर्ग की हॉकी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का संबोधन में कहा कि खेल महाकुंभ के पहले चरण का आयोजन 2 अगस्त को किया गया था। गत वर्ष पेरिस पैरालंपिक में देश ने 29 पदक जीते, जिनमें से 8 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों के नाम हैं। इन 8 पदक विजेताओं को 42 करोड़ रुपये की नकद राशि के साथ सम्मानित किया गया। खेल महाकुंभ की शुरुआत 2017 में हरियाणा के स्वर्ण जयंती वर्ष में हुई थी, तब से अब तक पांच सफल आयोजन हो चुके हैं। हाल ही में हुए पहले चरण में 26 खेलों में कुल 15,410 खिलाड़ी शामिल हुए, जबकि दूसरे चरण में 9,959 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास की पाठशाला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 1489 खेल नर्सरियां खोली गई हैं, जहां 37,225 खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। 8-14 वर्ष के खिलाड़ियों को 1500 रुपये और 15-19 वर्ष के खिलाड़ियों को 2000 रुपये प्रति माह की आर्थिक सहायता दी जा रही है। प्रशिक्षकों को 25,000 रुपये का मानदेय मिलता है। हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी सेवा नियम 2021 के तहत 550 नए पद सृजित किए गए हैं, जिनमें अब तक 224 खिलाड़ियों को नौकरी दी गई है। सरकार ने अब तक 641 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की है।
उन्होंने कहा कि 2014 से 24,000 से अधिक छात्रों को 69.91 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है। 15,634 खिलाड़ियों को खेल उपकरण भी प्रदान किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को खेल महाकुंभ की बधाई देते हुए कहा कि खेल को खेल भावना के साथ खेलकर हम एक मजबूत भारत का निर्माण करें।