Haryana : महिला बैंककर्मी का पति ही निकला हत्यारा, चरित्र पर शक के चलते की थी हत्या, ऐसे सच आया सामने...
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 06:04 PM (IST)
झज्जर (दिनेश मेहरा) : बादली थाना क्षेत्र के गांव पाहसौर के पास तेजधार हथियार से एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। झज्जर पुलिस कमिश्नर डॉ.राजश्री सिंह के दिशा-निर्देशों पर पुलिस द्वारा इस मामले में तत्परता से कार्रवाई की गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्परता और सूझबूझ के साथ जांच कर आरोपी को हिरासत में लिया।
इस संबंध में शिकायतकर्ता अक्षय पुत्र कृष्ण निवासी त्रिकोण पार्क हांसी के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी छोटी बहन महक की शादी 25 सितंबर 2025 को अंशुल धवन पुत्र रमेश धवन निवासी सेक्टर-33, हिसार के साथ हुई थी। महक एचडीएफसी बैंक, गुड़गांव में कार्यरत थी, जबकि उसका पति वहीं पर चार्टर्ड अकाउंटेंट के रूप में काम करता था।
शरीर पर तेजधार हथियार के गहरे निशान थे

शिकायतकर्ता के अनुसार,14 फरवरी को दोनों हिसार में थे और रविवार शाम करीब 7 बजे कार से गुड़गांव के लिए रवाना हुए थे। रात लगभग 10 बजे अंशुल के पिता रमेश ने फोन कर हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि महक का शव सुखा पड़ा हुआ था और उसके शरीर पर तेजधार हथियार के गहरे निशान थे। परिजनों ने आरोप लगाया कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है।
आरोपी पति पहले भी महक के साथ करता था झगड़ा
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पति अंशुल पहले भी महक के साथ झगड़ा करता था और उसके चरित्र पर शक जताता था। इसी रंजिश के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया और बाद में इसे लूट की घटना का रूप देने की कोशिश की। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जांच में ही पुलिस को हादसे की कहानी संदिग्ध लगी। वैज्ञानिक तरीके से जांच और पूछताछ के दौरान आरोपी के बयान में विरोधाभास सामने आए। इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर सच्चाई उजागर हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और उससे आगे की पूछताछ जारी है। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)