Haryana Top 10 : आज पंचकूला पहुंचेंगे मुख्यमंत्री, सूक्ष्म सिंचाई की 7500 प्रदर्शन परियोजना का करेंगे शुभारंभ, पढ़ें हरियाणा की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Tuesday, Jun 28, 2022 - 07:34 AM (IST)

डेस्क : 28 जून को हरियाणा में 100 फुट से ज्यादा गहरे भूमिगत जल वाले गांवों में सूक्ष्म सिंचाई की 7500 प्रदर्शन परियोजना का शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पंचकूला के लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे होगी। प्रदर्शनी कार्यक्रम के जरिए किसानों को सूक्ष्म सिंचाई के लाभ के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसी के साथ यह भी समझाया जाएगा कि सिंचाई की परंपरागत विधि के कारण भूमिगत जल के स्तर पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर भी जागरूकता फैलाई जाएगी। 

हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए कई बड़े फैसले, जानिए आप के लिए क्या रहा खास

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज हरियाणा कैबिनेट की एक बैठक ली। चंडीगढ़ स्थित सचिवालय में हुई इस बैठक में कुल 31 एजेंडे रखे गए थे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने एक प्रेसवार्ता करते हुए बैठक को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब प्रदेश में बुढ़ापा पेंशन बनवाने के लिए बुजुर्गों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। परिवार पहचान पत्र के हिसाब से 60 साल की आयु होने पर बुजुर्गों की पेंशन खुद ही बन जाएगी। इसी के साथ मुख्यमंत्री ने अवैध कॉलोनियों को पक्का करने को लेकर भी बड़ा ऐलान किया।

बुढ़ापा पेंशन को लेकर हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, सीएम मनोहर लाल ने दी जानकारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि 60 साल के बाद मिलने वाली वृद्धावस्था पेंशन की प्रक्रिया सरल की गई है। बुजुर्गों को अब वृद्धावस्था पेंशन के लिए आवेदन देने की जरूरत नहीं होगी। परिवार पहचान पत्र के तहत जिनकी उम्र 60 साल हो गई है और सालाना इनकम 2 लाख रुपए से कम है, उनका डाटा क्रीड की तरफ से ऑटोमेटिक तरीके से सोशल जस्टिस डिपार्टमेंट को भेज दिया जाएगा। क्रीड की तरफ से डेटा आने के बाद डिपार्टमेंट एक सहमति पत्र पर साइन कराएगा और उसके बाद पेंशन शुरू हो जाएगी। 

अग्निपथ को लेकर हुड्डा का ऐलान, बोले- कांग्रेस की सरकार बनते ही सेना में 15 साल होगी नौकरी

अग्निपथ योजना का विरोध कर रहे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ऐलान किया है कि कांग्रेस सरकार बनते ही अग्नीपथ योजना को हटाकर सेना में भर्ती के लिए पुराने नियम लागू किए जाएंगे। सेना के जवान 4 साल की बजाय 15 साल तक ड्यूटी कर सकेंगे। इसके अलावा उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार अग्निपथ योजना के बहाने देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है।

सीवरेज में सफाई कर्मचारियों की मौत होने के मामला में कुमारी शैलजा ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

हरियाणा के बहादुरगढ़ में सीवरेज की सफाई के दौरान मेनहोल में गिरने से 2 कर्मचारियों की मृत्यु होने के मामले में हरियाणा कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखा है। इस पत्र के माध्यम से सैलजा ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि सफाई कर्मचारियों की सेफ्टी को लेकर सरकार उचित कदम उठाए ताकि कर्मियों को इस तरह अपनी जान ना गंवानी पड़े।

मूसेवाला के SYL गाने पर बोले सीएम मनोहर लाल, लोगों की भावनाओं को भड़काना कतई उचित नहीं

पंजाबी सिंगर सिद्दू मूसेवाला के एसवाईएल गाने पर हुए बयान को लेकर हुए विवाद के बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी प्रतिक्रिया दी है। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि ऐसे विषयों पर गाने नहीं बनने चाहिए। ऐसे गानों के जरिए लोगों की भावनाओं को भड़काना कतई उचित नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में तनाव पैदा करने वाली चीजों से बचना चाहिए।

अग्निपथ के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, प्रदेशभर में सत्याग्रह कर दिखाया रोष

केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के विरोध में ऑल इंडिया कांग्रेस ने देशभर में जिला मुख्यालयों पर सांकेतिक धरना देकर सत्याग्रह करने का ऐलान किया था। कांग्रेस के सत्याग्रह का असर हरियाणा में भी खूब देखने को मिला। हरियाणा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अग्निपथ के विरोध में सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक धरना दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी भी की। सभी ने हाथों में तख्तियां लेकर अग्निपथ को वापस लेने की मांग रखी।

अग्निपथ योजना का विरोध कांग्रेस का प्रायोजित कार्यक्रम- ओपी धनखड़

निकाय चुनावों में भाजपा-जजपा द्वारा सिंबल पर चेयरमैन के चुनाव में काफी बेहतर रिजल्ट हासिल किए गए हैं। भाजपा अपने 25 चेयरमैन बनाने में कामयाब रही। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने भी अग्निपथ योजना के विरोध का आरोप विपक्षी दलों, खास तौर पर कांग्रेस पर लगाया है।

संयुक्त किसान मोर्चा के ट्विटर हैंडल किसान एकता मोर्चा पर मोदी सरकार ने लगाई रोक

संयुक्त किसान मोर्चा के ट्विटर हैंडल किसान एकता मोर्चा पर मोदी सरकार ने रोक लगा दी गई। वहीं रवि आजाद ने कहा कि भारत में अब लोकतंत्र नहीं है। अब भारत संविधान से नहीं चलता अब भारत में आरएसएस का संविधान चल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो किसान एकता मोर्चा के ट्विटर हैंडल पर रोक लगाई है। मैं उसकी कड़ी निंदा करता हूं। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि किसान एकता मोर्चा के ट्विटर हैंडल को तुरंत बहाल किया जाए अन्यथा संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा सरकार का विरोध किया जाएगा। 

राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में भाजपा नेता ने पुलिस को दी शिकायत

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं केंद्रीय सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्रालय के सदस्य सूरजभान कटारिया ने फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा द्वारा द्रौपदी मुर्मू के प्रति किए गए आपत्तिजनक ट्वीट के मामले में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने कुरुक्षेत्र जिला पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर इस मामले में एक शिकायत दी है। 

धरना दे रहे दिव्यांगों पर पुलिस का एक्शन, मुख्यमंत्री से करना चाहते थे मुलाकात

अपनी मांगों को लेकर पिछले 90 दिनों से करनाल सचिवालय के सामने धरना दे रहे दिव्यांगों को पुलिस ने जबरन हिरासत में ले लिया। मांगों पर सुनवाई ना होने के चलते दिव्यांगजनों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात करने के लिए चंडीगढ़ का रुख किया तो करनाल पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर गाड़ी में बिठा लिया। दिव्यांगों ने करीब 2 घंटे तक सड़क पर जाम लगा कर रखा।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vivek Rai

Recommended News

Related News

static