Haryana के इस जिले में तेज आंधी और बारिश से तबाही, चलती कार पर गिरा पेड़, मां-बेटा बाल-बाल बचे...
punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 10:00 PM (IST)
हांसी (संदीप सैनी) : मंगलवार दोपहर बाद हांसी में मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। आंधी के कारण शहर और आसपास के क्षेत्रों में कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए, जबकि कुछ जगहों पर शेड और टीन की छतें भी टूटकर गिर गईं।

सबसे बड़ा हादसा हांसी-जींद रोड पर हुआ, जहां एक चलती कार पर अचानक सफेदे का पेड़ गिर गया। कार में भिवानी निवासी एक महिला और उसका बेटा सवार थे। पेड़ गिरने से कार को नुकसान पहुंचा, लेकिन गनीमत रही कि दोनों सुरक्षित बच गए और किसी को कोई चोट नहीं आई।तेज आंधी के चलते कई क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सड़क पर पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं तेज हवाओं ने कई जगह नुकसान भी पहुंचाया।
प्रशासन की ओर से गिरे हुए पेड़ों को हटाने और यातायात को सुचारू करने के प्रयास किए गए। स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली कि बड़े हादसे के बावजूद किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।