लालच के चक्कर में गवां ली जान, तार चोरी के प्रयास में खंभे पर चढ़ा... सुबह लटका मिला शव
punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 05:12 PM (IST)
फतेहाबाद: गांव ढाणी जल्लोपुर में रतिया शुक्रवार रात हाई वोल्टेज 11 केवी बिजली लाइन के खंभे पर चढ़े एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने लाइन से शव लटका देखा तो बिजली निगम व पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान हड़ौली निवासी मक्खन सिंह (28) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक तार चोरी की नीयत से कटर लेकर रात के समय एच-पोल पर चढ़ा था व करंट लग गया। जल्लोपुर सब स्टेशन में तैनात लाइनमैन सुरेंद्र सहित बिजली निगम के अधिकारी घटनास्थल पहुंचे व लाइन बंद करवा शव नीचे उतारा। सदर थाना पुलिस ने बिजली निगम के लाइनमैन सुरेंद्र की शिकायत पर मृतक पर बिजली तार चोरी के प्रयास का मामला दर्ज किया है।