सिया हिट एंड रन केस- आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया, जांच के लिए SIT गठित
punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 09:00 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गोल्फ कोर्स रोड पर रविवार सुबह हुए महिला बाइक राइडर सिया उर्फ शिवानी चौधरी हिट एंड रन केस में गिरफ्तार किए गए आरोपी कल्याण बैंसला को आज पुलिस ने अदालत में पेश किया। आरोपी को अदालत से दो दिन के रिमांड पर लिया है। वहीं, मामले में आज कल्याण बैंसला की तरफ से उनके अधिवक्ता पेश हुए। अदालत में अधिवक्ता ने कल्याण बैंसला के रिमांड का विरोध किया और कहा कि कल्याण बैंसला को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस के पास पर्याप्त समय था जिसमें पुलिस ने पूरी पूछताछ कर ली है। इसके अलावा गाड़ी को भी पुलिस पहले ही कब्जे में ले चुकी है। ऐसे में अब रिमांड लेने का कोई औचित्य ही नहीं है। इस पर पुलिस ने दलील दी कि आरोपी कल्याण बैंसला को मौके पर लेजाकर सीन रीक्रिएट कराना है। इसके अलावा कुछ और भी पूछताछ करनी है जिसके लिए रिमांड आवश्य है। ऐसे में अदालत ने उसका दो दिन का रिमांड मंजूर किया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
वहीं, मामले में पुलिस कमिश्नर ने शिवास कबिराज के निर्देश पर मामले की जांच के लिए एसआईटी (स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम) का गठन किया गया है। एसीपी सीएडब्ल्यू (क्राइम अगेंस्ट वीमेन) सुशीला देवी की अगुवाई में ये एसआईटी पूरे मामले की जांच करेगी। एसीपी के अलावा इस टीम में सेक्टर-56 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज यादव, सीआईए सोहना इंचार्ज एसआई विनय व दो एएसआई को शामिल किया गया है।
आपको बता दें कि गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार सवार ने टक्कर मार दी थी और मौके से फरार हो गया था। इस दौरान कुछ अन्य बाइक राइडर ने कार सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी नहीं रुका। पूरा घटनाक्रम पीड़िता व अन्य बाइक राइडरों के हेल्मेट में लगे कैमरे में कैद हो गया। यह वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई और मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए केस दर्ज किया। मामले में जब हरियाणा महिला आयोग ने संज्ञान लिया और पुलिस कमिश्नर ने मामले की एक्शन टेशन रिपोर्ट मांगी तो पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए वीडियो के विशलेषण के आधार पर हत्या के प्रयास से संबंधित धाराएं जोड़ दी। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की जिन्होंने आरोपी कल्याण बैंसला के पलवल स्थित घर सहित संभावित ठिकानों पर रेड की। पलवल पहुंची टीम को पता लगा कि उसके दो दोस्तों ने कल्याण बैंसला को फरार होने में मदद की जिसके बाद पुलिस ने अपनी जांच तेज करते हुए आरोपी को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार किया। पुलिस गिरफ्त में आते ही आरोपी मौके से फरार होने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दोबारा काबू कर लिया। इस दौरान आरोपी के हाथ में भी चोट लगी। आरोपी को गुड़गांव लाया गया जिसके बाद उसे अदालत में पेश कर अब रिमांड पर लिया है।