सिया हिट एंड रन मामला- पुलिस गिरफ्त में आते ही फरार होने का प्रयास करने लगा आरोपी, पकड़ने के दौरान लगी चोट, घुटनों के बल बैठाया
punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 09:14 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर सिया उर्फ शिवानी चौधरी को टक्कर मारकर फरार होने वाला आरोपी अपने घर पलवल में मीडिया को साक्षात्कार देने के बाद मोबाइल बंद कर फरार हो गया। आरोपी को गुड़गांव पुलिस की अपराध शाखा सोहना ने राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरफ्त में आते ही आरोपी कल्याण बैंसला ने फरार होने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसकी इस योजना को नाकाम कर दिया। हालांकि आरोपी को पकड़ने के दौरान उसके हाथ पर थोड़ी चोट भी लगी, लेकिन पुलिस ने आरोपी को काबू कर उसके कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई कार भी बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपी को गुड़गांव लाया गया है जहां उससे पूछताछ की जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद हिस हेकड़ी से आरोपी फरार हुआ था उस हेकड़ी को पुलिस ने निकाल दिया और उसे घुटनों के बल बैठा दिया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
वहीं, मामले में सोमवार को हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन ने पुलिस कमिश्नर से मामले में एक्शन टेशन रिपोर्ट भी मांगी थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी थी। वहीं, महिला आयोग ने पुलिस कमिश्नर को यह भी निर्देश दिए हैं कि वह महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही यह भी सुनिश्चित करे कि पीड़ित महिला सिया उर्फ शिवानी और उसके परिवार पर किसी भी तरह का कोई दबाव न बनाया जाए। उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं, मामले में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार स्वयं सिया के बयान लेने के लिए उनके घर गए थे। जिसके बाद आज मंगलवार को पीड़ित सिया स्वयं गुड़गांव पहुंची और कोर्ट में अपने बयान दर्ज कराए। सिया ने कोर्ट में अपने बयान दर्ज कराने के बाद बताया कि अपने साथ हुई घटना के बारे में उन्होंने न केवल शिकायत में लिखित तौर पर बताया है बल्कि आज कोर्ट में भी बताया गया है। उन्होंने बताया कि कोर्ट को विस्तृत रूप से बताया गया है कि किस तरह से आरोपी उनका पीछा कर रहा था और उसने किस तरह से उसकी बाइक को हिट कर जान से मारने का प्रयास किया। उनकी मांग पर पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास की धाराएं भी जोड़ दी हैं। फिलहाल मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।