हुड्डा की उम्र हो गई है, इसलिए अब चश्मा बदल लेना चाहिए: गृह मंत्री विज
punjabkesari.in Friday, Sep 16, 2022 - 05:07 PM (IST)

अंबाला(अमन): आम आदमी पार्टी द्वारा बीजेपी पर पंजाब में विधायक खरीद की कोशिशों के आरोपों पर गृह मंत्री अनिल विज ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि आप द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच होनी चाहिए। विज ने कहा कि आप पार्टी एक तमाशा पार्टी है। उन्हें राजनीतिक पार्टी की जगह तमाशा कंपनी खोल लेनी चाहिए। राजनीति इनके बस की नहीं है। इसी के साथ भूपेंद्र हुड्डा द्वारा भाजपा-जजपा सरकार पर किसानों से दुश्मन की तरह व्यवहार करने के आरोप पर अनिल विज ने कहा कि हुड्डा की उम्र हो गई है। इसलिए उन्हें अपना चश्मा ठीक कर लेना चाहिए।
राजनीति में आप का नहीं कोई भविष्य, इसलिए तमाशा कंपनी करे शुरू: विज
दरअसल आम आदमी पार्टी ने पंजाब में भाजपा पर विधायक खरीद फरोख्त का आरोप लगाते हुए अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। इसे लेकर हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि यह बहुत अच्छा है कि आप ने शिकायत दर्ज करवाई है। इसकी जांच होनी चाहिए। यही नहीं विज ने आप नेताओं को खरी खोटी सुनाते हुए कहा कि अब आप को राजनीति छोड़कर तमाशा कंपनी शुरू करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आप नेता ऐसी बातें कर यह बताना चाह रहे हैं कि इनके विधायक बिकने को तैयार हैं। बीजेपी पर आरोप लगाने वाले आप नेताओं को बताना चाहिए कि उन्हें खरीदने की कोशिश किसने की है।
हुड्डा और कुमारी शैलजा के आरोपों पर विज ने किया पलटवार
आप पर हमला बोलने के साथ ही विज ने कांग्रेस को भी निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि हुड्डा साहब प्रदेश की गठबंधन सरकार पर किसानों के साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार करने का आरोप लगा रहे हैं। इसे लेकर विज ने कहा कि हुड्डा के इस आरोप से साबित होता है कि उनकी उम्र हो गई है। यही नहीं गृह मंत्री ने तो हुड्डा को अपना चश्मा बदलने की नसीहत भी दे डाली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान खराब फसलों की एवज में किसानों को 5-5 रुपए के चेक देते थे। वहीं भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा मुआवजा दिया जाता है। बीजेपी सरकार हर मामले में किसानों के साथ है। अभी किसान मुश्तरका मालिकान को लेकर मुख्यमंत्री से मिले हैं। मामला कोर्ट से जुड़ा हुआ है और इसे लेकर सरकार द्वारा भी अध्ययन किया जा रहा है। वहीं कुमारी सैलजा द्वारा कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को मिल रहे प्यार के चलते भाजपा पर बौखलाहट का जो आरोप लगाया गया था, उस पर भी विज ने खुलकर पलटवार किया। विज ने कहा कि तोड़ना तो कांग्रेस के डीएनए में है। 1947 में देश का बंटवारा करने के बाद कांग्रेस ने 1984 में सिख दंगे करवाए। इसलिए कांग्रेस को भारत जोड़ो यात्रा नहीं बल्कि भारत तोड़ो यात्रा निकाल रही है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)