पानीपत में भीषण सड़क हादसा, कोहरे के चलते खड़े ट्रक से टकराई टैक्सी, NRI दंपति की मौत
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 06:37 PM (IST)
पानीपत (सचिन शर्मा) : हरियाणा के पानीपत में तड़के एक भीषण सड़क हादसे में अमेरिका से आए NRI दंपति की मौत हो गई। हादसा रोहतक बाईपास के पास जियो पेट्रोल पंप के नजदीक उस समय हुआ जब उनकी टैक्सी कोहरे के कारण बीच सड़क में खड़े एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टैक्सी चालक की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान 63 वर्षीय रंजीत सिंह संधू और उनकी पत्नी 61 वर्षीय सतिंदर कौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों अमेरिका में रहते थे और वहां ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते थे। दंपति अमेरिका से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे थे और वहां से टैक्सी लेकर अमृतसर जा रहे थे। सुबह करीब 5:40 बजे रोहतक बाईपास के पास घने कोहरे के कारण उनकी टैक्सी सड़क की बीच वाली लेन में खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि दंपति ने पहले अमेरिका से अमृतसर के लिए फ्लाइट टिकट बुक करवाई थी, लेकिन अमेरिका-इजराइल युद्ध के चलते वह टिकट रद्द हो गई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली की टिकट बुक करवाई और वहां से सड़क मार्ग से अमृतसर जा रहे थे। परिजनों के अनुसार दंपति के बेटे की करीब छह साल पहले हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है और अब उनकी एक बेटी अमेरिका में रहती है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)