रेवाड़ी के एच.एस.वी.पी. कार्यालय में 38 लाख का घोटाला, केस दर्ज

punjabkesari.in Saturday, Jul 23, 2022 - 09:37 AM (IST)

रेवाड़ी: रेवाड़ी के हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एच.एस.वी.पी.) कार्यालय में 38 लाख रुपए का घोटाला सामने आया है। आरोप है कि कार्यालय के डाटा एंट्री ऑप्रेटर ने गबन की 38 लाख रुपए की राशि पत्नी व बेटियों से 12 खातों में ट्रांसफर की है। गबन का भांडा फूटने पर उसके खिलाफ केस दर्ज करवा दिया गया है। शुक्रवार को मॉडल टाऊन थाना पुलिस ने कार्यालय पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार रेवाड़ी स्थित एच.एस.वी.पी. कार्यालय में गांव गोकलगढ़ का विजय यादव डाटा एंट्री ऑप्रेटर के पद पर आऊटसोर्स के माध्यम से लगा हुआ है। वह 2017 में नियुक्ति के बाद से ही यहां कार्यरत चला आ रहा था। इस बीच उसकी ट्रांसफर भी नहीं हुई। घोटाले का पर्दाफाश उस समय हुआ, जब 13 जुलाई को उसने आखिरी बार लगभग 9 लाख रुपए बेटी सहित 2 खातों में ट्रांसफर किए। उन्होंने कहा कि कार्यालय के संपदा अधिकारी और लेखाकार के हस्ताक्षरों से छेड़छाड़ कर यह गबन किया गया। तत्पश्चात विभाग ने विजय यादव द्वारा वर्ष 2021-22 में की गई एंट्रियों को खंगाला तो पता चला कि उसने लगभग 38 लाख रुपए का गबन कर यह राशि अपनी पत्नी निशा यादव, बेटियां वर्षा यादव व हीना यादव सहित 12 खातों में ट्रांसफर की है।

एच.एस.वी.पी. कार्यालय के अकाऊंटैंट सूरजभान शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि विजय यादव पिछले कई सालों से बतौर डाटा एंट्री ऑप्रेटर कार्यरत है। फिलहाल उसकी ड्यूटी कार्यालय की खाता शाखा में प्रविष्टि ऑप्रेटर के रूप में थी। उन्होंने बताया कि एच.एस.वी.पी. के संपदा अधिकारी के संज्ञान में आया कि नवम्बर-2017 से नवम्बर-2020 और जून 2021 से 19 जुलाई 2022 तक आरोपी ने विभाग के पी.एन.बी. के एक खाते से आर.टी.जी.एस. के माध्यम से कुल 38,32,960 रुपए धोखाधड़ी की है। उन्होंने कहा कि जांच में सब-कुछ साफ होने पर विभाग ने पुलिस अधीक्षक को इसकी शिकायत दी। एस.पी. के आदेश पर मॉडल टाऊन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। संभावना यह भी व्यक्त की जा रही है कि पिछले वर्षों की भी जांच की जाए तो और भी बड़ा घोटाला सामने आ सकता है। मॉडल टाऊन थाना प्रभारी महीपाल ने कहा कि एस.पी. के निर्देश पर आरोपी विजय यादव के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static