विवाह के बाद भी बदले जाते हैं IAS, IPS आधिकारियों के कैडर, होते हैं कुछ ऐसे नियम

punjabkesari.in Monday, Apr 19, 2021 - 07:21 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) द्वारा बीती 9 मार्च 2021 को सिक्किम कैडर के 2019 बैच के आईएएस आनंद कुमार शर्मा द्वारा हरियाणा कैडर की 2018 बैच की आईपीएस पूजा वशिष्ठ से विवाह के फलस्वरूप आनंद का कैडर सिक्किम से बदलकर उनकी पत्नी का अर्थात हरियाणा कैडर कर दिया गया। आनंद का गृह राज्य आधिकारिक तौर पर दिल्ली है। बीते सप्ताह आनंद को रोहतक में सहायक आयुक्त (प्रशिक्षण अधीन) तैनात किया गया है।

बहरहाल, इस सम्बन्ध में आधिकारिक जानकारी एकत्रित कर पंजाब एवं हाईकोर्ट के एडवोकेट हेमंत कुमार ने बताया कि  अखिल भारतीय सेवा अधिकारियों को आबंटित प्रदेश कैडर में परिवर्तन सम्बन्धी केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अधिकारियों द्वारा आपसी विवाह करने के फलस्वरूप सम्बंधित अधिकारी को मूल तौर पर  आबंटित प्रदेश कैडर में उपयुक्त परिवर्तन किया जा सकता है एवं उसे उसकी पत्नी/पति को आबंटित प्रदेश कैडर में स्थायी तौर पर केंद्र सरकार द्वारा ट्रांसफर किया जा सकता है। 



हालांकि यहाँ ध्यान देने योग्य है कि इस आधार पर कैडर में परिवर्तन करते समय कोई अखिल भारतीय सेवा का अधिकारी अपने गृह राज्य कैडर में ट्रांसफर नहीं किया जा सकता है। मसलन, अगर कोई पुरुष आईएएस/आईपीएस/आइएफएस अधिकारी हरियाणा का मूल निवासी है और उसे महाराष्ट्र कैडर आबंटित किया गया है तो वह हरियाणा कैडर की महिला आईएएस/आईपीएस/आईएफएस अधिकारी के साथ विवाह कर अपने गृह राज्य हरियाणा में ट्रांसफर नहीं हो सकता है। इसी प्रकार इस परिस्थिति में अगर उक्त महिला महाराष्ट्र की मूल निवासी है, तो वह उपरोक्त पुरुष के साथ विवाह कर अपने गृह राज्य महाराष्ट्र में ट्रांसफर नहीं हो सकती। हालांकि अगर दोनों पति-पत्नी चाहें तो केंद्र सरकार उन्हें कोई तीसरा राज्य कैडर आबंटित कर सकती है।



हेमंत ने बताया कि यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2015-16 में पूरे देश में प्रथम रैंक हासिल करने वाली आईएएस टॉपर टीना डाबी, जिनका गृह राज्य मध्य प्रदेश है, और उक्त परीक्षा में दूसरा रैंक हासिल करने वाले अथर आमिर उल शफी खान, जिनका गृह राज्य जम्मू-कश्मीर है, इन दोनों में  विवाह कारण केंद्र द्वारा उक्त दोनों 2016 बैच के आईएएस दम्पति को समान राजस्थान प्रदेश कैडर आबंटित कर दिया गया। हालांकि विवाह के कुछ ही सालों बाद पश्चात दोनों के तलाक लेने की याचिका गत वर्ष कोर्ट में दाखिल की गई जो फिलहाल  लंबित है। इसी बीच इस वर्ष फरवरी में खान को तीन वर्षों की इंटर-कैडर डेपुटेशन (प्रतिनियुक्ति) पर उनके गृह राज्य जम्मू कश्मीर भेज दिया गया है।

हेमतं ने अपने गृह राज्य हरियाणा के एक रोचक मामले के बारे में बताया कि दिसंबर, 2015 में हिमाचल कैडर के 2015 बैच के आईएएस राहुल हुड्डा को हरियाणा कैडर में ट्रांसफर कर दिया गया क्योंकि उन्होंने हरियाणा कैडर की 2011 बैच की  आईपीएस मनीषा चौधरी से विवाह किया था। राहुल का गृह राज्य दिल्ली है, इसलिए उन्हें हरियाणा में ट्रांसफर किया जा सकता था। कुछ वर्षों बाद राहुल और मनीषा का तलाक हो गया, जिसके बाद राहुल ने अपने ही 2015 बैच की गुजरात कैडर की महिला आईएएस नेहा से विवाह कर लिया, जिसके फलस्वरूप अब जल्द ही वह हरियाणा कैडर में ट्रांसफर हो सकती हैं। नेहा का गृह राज्य बिहार है। मनीषा वर्तमान में चंडीगढ़ प्रशासन में डेपुटेशन पर हैं।

मार्च, 2015 में असम-मेघालय बैच के 2012 बैच के आईएएस अजय सिंह तोमर को हरियाणा में ट्रांसफर कर दिया गया चूँकि उन्होंने 2013 बैच की हरियाणा कैडर की आईएएस संगीता तेतरवाल से विवाह कर लिया। अजय का गृह राज्य दिल्ली जबकि संगीता का राजस्थान है। हरियाणा में कई आईएएस ऐसे हैं जिन्हें अपने विवाह कारण ही हरियाणा कैडर अलॉट हुआ।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Shivam

Recommended News

Related News

static