हरियाणा और ऑस्ट्रेलिया के बीच शिक्षा, कौशल, इनोवेशन और निवेश के क्षेत्रों में सहयोग की अपार संभावनाएं हैं: मुख्यमंत्री सैनी

punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 03:21 PM (IST)

 चंडीगढ़ : बुधवार को चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में भारत में ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में शिक्षा, उच्च शिक्षा, कौशल विकास, इनोवेशन, कृषि, ग्रीन एनर्जी, खेल, पर्यटन, निवेश और युवाओं को वैश्विक अवसर प्रदान करने सहित विभिन्न क्षेत्रों में हरियाणा और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक मजबूत और व्यापक रणनीतिक साझेदारी है। दोनों देश व्यापार, शिक्षा, तकनीक, इनोवेशन, कौशल विकास और लोगों के बीच आपसी संपर्क का लगातार विस्तार कर रहे हैं। ऐसे में, हरियाणा के लिए राज्य स्तर पर ऑस्ट्रेलिया के साथ सहयोग को और मजबूत करने की अपार संभावनाएं हैं।

PunjabKesari

उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत होते संबंधों का लाभ हरियाणा के युवाओं, छात्रों, किसानों, उद्यमियों और उद्योगों तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। शिक्षा, कौशल, रिसर्च, इनोवेशन और नई तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग से हरियाणा के विकास को नई गति दी जा सकती है।

बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव अजय कुमार, विदेश सहयोग विभाग में मुख्यमंत्री के सलाहकार पवन चौधरी, विदेश सहयोग विभाग की संयुक्त निदेशक श्रीमती हीना बिंदलिश, ऑस्ट्रेलिया-भारत बिजनेस काउंसिल से जुड़े प्रतिनिधि और प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य शामिल हुए। इस दौरान हरियाणा और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने तथा दोनों पक्षों के बीच बिजनेस-टू-बिजनेस सहयोग को और मजबूत करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)   

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static