जरूरी खबर ; आयुष्मान योजना पर IMA का फैसला, 5 जून से मरीजों को लग सकता है बड़ा झटका
punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 09:26 PM (IST)
रोहतक (दीपक भारद्वाज): इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पतालों के बकाया भुगतान को लेकर बड़ा फैसला लिया है। आईएमए के अनुसार यदि सरकार ने जल्द भुगतान नहीं किया तो प्रदेश भर के निजी अस्पताल 5 जून से आयुष्मान कार्ड पर मरीजों का इलाज बंद कर देंगे। इस फैसले से हजारों लाभार्थियों पर असर पड़ सकता है।
रोहतक जिले में आयुष्मान योजना से जुड़े करीब 34 निजी अस्पताल हैं। आईएमए पदाधिकारियों का कहना है कि इन अस्पतालों का सरकार की ओर करोड़ों रुपये का भुगतान लंबे समय से लंबित है। कई अस्पतालों की राशि पिछले लगभग एक वर्ष से बकाया पड़ी हुई है, जिसके चलते अस्पतालों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आईएमए के प्रतिनिधियों ने बताया कि बकाया भुगतान को लेकर सरकार और संबंधित विभागों के साथ कई दौर की वार्ताएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। अस्पताल संचालकों का कहना है कि समय पर भुगतान नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों के वेतन, दवाइयों की खरीद और अन्य संचालन संबंधी खर्चों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है।
आईएमए का कहना है कि आयुष्मान योजना के तहत मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए अस्पताल लगातार कार्य कर रहे हैं, लेकिन लंबे समय से भुगतान अटका रहने के कारण अब इस व्यवस्था को जारी रखना कठिन हो गया है। संगठन ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द सभी लंबित भुगतान जारी किए जाएं ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
यदि 5 जून से निजी अस्पतालों में योजना के तहत इलाज बंद होता है तो गरीब और जरूरतमंद मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। आईएमए ने उम्मीद जताई है कि सरकार समय रहते समाधान निकालकर स्थिति को सामान्य बनाएगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)