कांग्रेस के सवालिया चार्जशीट से तिलमिलाई भाजपा, अब सरकार बन गई घोषणावीरः दीपेंद्र हुड्डा

punjabkesari.in Thursday, Jul 18, 2024 - 09:50 PM (IST)

सोनीपतः सांसद दीपेन्द्र हुड्डा आज ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान के तहत सोनीपत शहर विधान सभा क्षेत्र में सेक्टर 14 मार्केट से सुभाष चौक तक पदयात्रा की। इससे पहले अपने सम्बोधन में उन्होंने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि जब से हरियाणा मांगे हिसाब की चार्जशीट जारी हुई है, पूरी भाजपा सरकार तिलमिलाई हुई है। उनको जनता के सवालों का जवाब नहीं मिल रहा है। प्रदेश में केंद्रीय नेताओं को बुलाया जा रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री अपनी सरकार के 11 काम गिनाने की बजाय कांग्रेस और हुड्डा जी से 11 सवाल पूछ रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि उनके पास भी बताने को कुछ नहीं है।

हरियाणा में बीजेपी सरकार घोषणावीर सरकार बन चुकी है। भाजपा कोरी बयानबाजी करने की बजाय अपने 10 साल के काम बताए और किये गए काम के आधार पर लोगों से वोट मांगे। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि इनके काम चवन्नी के और घोषणाएं 10 रुपये की करते हैं। भाजपा सरकार ने जब 10 साल में काम नहीं किया तो बचे हुए 2 महीने में क्या काम करेगी। लोग इस बात को समझ चुके हैं और बेसब्री से कांग्रेस सरकार बनने का इंतजार कर रहे हैं। दीपेन्द्र हुड्डा ने बताया कि हरियाणा मांगे हिसाब अभियान के तहत डोर-टू-डोर जाकर लोगों से सुझाव ले रहे हैं और 15 अगस्त तक सारे सुझाव एकत्र करके इन्हें पार्टी में पहुंचाया जायेगा। इसके आधार पर हरियाणा में जनता का घोषणा पत्र तैयार होगा। 

PunjabKesari
 
सांसद दीपेन्द्र हुड्डा कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार का आखिरी 2 महीना सामने है। भाजपा ने 2014, 2019 के अपने घोषणा पत्र में किये कोई वायदे पूरे नहीं किये। 9000 रुपया बेरोजगारी भत्ता, 5100 रुपये बुढ़ापा पेंशन, कर्मचारियों को पंजाब स्केल, हर जिले में सरकारी मेडिकल कॉलेज, किसानों को स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों पर भाव नहीं मिला। अब भाजपा सरकार की धोषणाओं पर लोगों का कोई भरोसा नहीं है, कांग्रेस ने जो वायदे किये उन्हें पूरा किया। लोग इस बात का हिसाब मांग रहे हैं कि 750 किसानों की जान क्यों गयी? बाबा साहब का संविधान तोड़कर गरीबों और पिछड़ों का हक़ क्यों छीना? देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी और नशा हरियाणा के युवाओं को क्यों दिया? देश में सबसे ज्यादा अपराध हरियाणा में क्यों हैं? देश में सबसे ज्यादा महंगाई हरियाणा में क्यों है? हरियाणा विकास की पटरी से क्यों उतरा? उन्होंने कहा कि 10 साल से सोनीपत में मेट्रो लाने की बात कहने वाली बीजेपी सरकार से आज सोनीपतवासी हिसाब मांग रहे कि 10 साल में सोनीपत में मेट्रो क्यों नहीं आयी?

दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस की हुड्डा सरकार ने जिस सोनीपत को देश के शिक्षा का केंद्र बनाया उसे बीजेपी ने बेरोजगारी, अपराध व नशे का हब बना दिया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार के समय सोनीपत में राजीव गांधी एजुकेशन सिटी की स्थापना हुई। सोनीपत में 5 सरकारी विश्वविद्यालय स्थापित किये गये थे। यहां बाबा साहब भीमराव अंबेडकर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, चौ. छोटूराम यूनिवर्सिटी बनी, भगत फूलसिंह महिला यूनिवर्सिटी खानपुर, निफ्टम, ट्रिपल आईटी समेत कई प्राईवेट यूनिवर्सिटी लेकर आये। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने यहाँ 10 साल में कोई नया विश्वविद्यालय, कॉलेज, स्कूल खोलना तो दूर है। भाजपा सरकार ने सोनीपत में करीब 150 स्कूलों को बंद कर दिया, करीब 300 स्कूलों को मर्ज कर दिया। 

उन्होंने कहा कि बीजेपी ने सोनीपत को अपराध और नशे का केंद्र बना दिया। हरियाणा अपराधियों की शरणस्थली बन गया है। पूरे प्रदेश में अपराध बेकाबू हो गया है। अपराधी खुलेआम दनदनाते हुए दूसरे प्रदेशों में वारदात करने के बाद हरियाणा में शरण ले रहे हैं। हरियाणा सरकार इतनी विफल साबित हुई है कि दूसरे प्रदेशों की पुलिस को यहां आकर कार्रवाई करनी पड़ रही है। प्रदेश में अपराध की ऐसी स्थिति बन गई है कि नये नये गैंग, गैंगस्टर, अंडरएज शूटर निकल सामने आ रहे है। रोज हत्या, अपहरण, फिरौती की घटनाओं से व्यापारियों व आम जन में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि  बेरोजगारी के चलते युवा डंकी के रास्ते पलायन को मजबूर हैं। भाजपा सरकार ने 2 लाख सरकारी पद समाप्त कर दिए, कौशल निगम के जरिये पक्की भर्तियों को कच्ची नौकरी में बदल दिया। आज सोनीपत हिसाब मांग रहा है कि हरियाणा में देश की सबसे ज्यादा बेरोजगारी, अपराध, नशा क्यों है? पोर्टल फैमिली आईडी, प्रापर्टी आईडी लागू करके आम जनता को उनके अधिकारों से वंचित क्यों कर दिया? लोग अपने कागज ठीक कराने के लिये सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। भाजपा सरकार की कार्यशैली आम लोगों को सहूलियत से वंचित करने वाली रही है।

उन्होंने कहा कि ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान आंदोलन से जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। पदयात्रा में आम लोग भारी संख्या में अपने घरों से निकलकर सरकार के खिलाफ रोष प्रकट कर रहे हैं। जनता के सवालों से घबराई भाजपा सरकार की तिलमिलाहट किसी से छुपी नहीं है। इस अभियान के पहले दिन भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के बयान आये, दूसरे दिन केंद्रीय गृह मंत्री हरियाणा आकर कांग्रेस से हिसाब मांगने की बात कहने लगे। उन्होंने तो अपने मुख्यमंत्री का नाम ही नहीं लिया और पूरे भाषण में केवल हुड्डा साहब का नाम लेते रहे। बीजेपी ने 10  साल में हरियाणा का भट्ठा बिठा दिया, जो सवाल पूछे उनका कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने यह भी कहा कि इस सरकार से हर वर्ग दुखी है। बीजेपी सरकार ने हरियाणा में 5000 स्कूल बंद कर दिये जिसके खिलाफ 500 स्कूलों के छोटे बच्चों को धरने देने पड़े। किसान-मजदूर, खिलाड़ी, व्यापारी, आंगनवाड़ी, आशा वर्कर, खिलाड़ी समेत हर वर्ग को सड़कों पर आना पड़ा है। सोनीपत शहर विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा के दौरान सोनीपत सांसद पं. सतपाल ब्रह्मचारी, कांग्रेस विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री, पार्टी के वरिष्ठ नेता, फ्रन्टल संगठनों, प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, सोनीपत शहर के सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।  

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Saurabh Pal

Related News

static