रेवाड़ी में चालक को ऑफिस में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, ट्रांसपोर्टर समेत 2 पर केस दर्ज

punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 01:59 PM (IST)

धारूहेड़ा (महेंद्र भारती) : माल में हेराफेरी का दबाव मानने से इनकार करने पर एक ट्रक चालक को ऑफिस में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने ट्रांसपोर्टर और उसके एक साथी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के याकूबगंज निवासी पंकज सोलंकी पुत्र रनवीर सिंह सोलंकी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ट्रक नंबर HR 55 AS 6177 पर बतौर चालक कार्यरत था और मनवीर ट्रांसपोर्ट की गाड़ी चलाता था।

आरोप है कि ट्रांसपोर्टर मनवीर उस पर अक्सर गाड़ी में लदे माल में से कुछ सामान रास्ते में उतारने का दबाव बनाता था, लेकिन चालक लगातार ऐसा करने से इनकार करता रहा। शिकायत के अनुसार इसी बात से नाराज होकर मनवीर ने उसे खुशखेड़ा से हटाकर एनके कंपनी, धारूहेड़ा में लगा दिया। इसके बाद भी बिलासपुर में माल उतारने का दबाव बनाया गया, मगर चालक ने कथित तौर पर वहां भी माल उतारने से मना कर दिया। बाद में वह खरखौदा, सोनीपत से माल खाली कर वापस धारूहेड़ा स्थित कंपनी पहुंच गया। 

PunjabKesari

आरोप है कि कंपनी पहुंचने पर मनवीर और उसके साथ एक अन्य युवक ने हिसाब-किताब के बहाने चालक को अपने कार्यालय में बुलाया। अंदर ले जाते ही उसके कपड़े उतरवाकर कमरे में बंद कर दिया गया और डंडों, लोहे के नल व बेल्ट से जमकर मारपीट की गई। इस हमले में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

पुलिस ने चालक की शिकायत पर शुक्रवार देर रात मामला दर्ज कर लिया। केस में मारपीट, बंधक बनाकर प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। मामले की जांच पीएसआई राकेश को सौंपी गई है, जो आरोपों के हर पहलू की पड़ताल कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला गंभीर प्रतीत हो रहा है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी सहित आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)             


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static