युवक को दी थी तालिबानी सजा,Video वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस...अस्पताल पहुंच दर्ज किए बयान

punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 10:18 AM (IST)

हांसी(संदीप सैनी): हांसी गांव सोरखी में एक युवक को चोरी के आरोप में पकड़कर रस्सियों से बांधकर कुएं में उल्टा लटकाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और देर रात नागरिक अस्पताल पहुंचकर पीड़ित के बयान दर्ज किए।

वायरल वीडियो में कुछ ग्रामीण एक युवक को रस्सियों से बांधकर पानी भरे कुएं में उल्टा लटकाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवक लगातार बाहर निकालने की गुहार लगाता है, लेकिन उसे कुछ समय तक कुएं में लटकाए रखा जाता है। आरोप है कि ग्रामीणों ने युवक के साथ मारपीट भी की और चोरी की अन्य वारदातें कबूल करवाने का प्रयास किया।

पीड़ित बारूराम ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे कुएं में उल्टा लटका दिया। उसने कहा कि उस पर लगाया गया चोरी का आरोप गलत है।

बास थाना प्रभारी पवित्र कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम नागरिक अस्पताल पहुंची। पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए गए हैं तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static