महंगा हो जाएगा गुड़गांव में घर बनाने का सपना, 30 मार्च तक मांगे बढ़ी दरों पर सुझाव
punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 09:02 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो) : कलेक्टर रेट बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। कलेक्टर रेट बढ़ने के बाद गुड़गांव में अपना आशियाना बनाने का सपना और महंगा हो जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर रेट वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित दरों को सार्वजनिक कर दिया गया है। जिला राजस्व अधिकारी विजय यादव ने बताया कि हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार ये दरें 1 अप्रैल 2026 से लागू की जानी हैं।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
डीसी अजय कुमार के दिशा निर्देश पर तहसीलों व उप-तहसीलों से प्राप्त सिस्टम जनरेटेड प्रेडिक्टिव प्रस्तावों को जिला की आधिकारिक वेबसाइट gurugram.gov.in पर अपलोड किया गया है, ताकि आमजन इन्हें देख सकें और अपनी आपत्तियां व सुझाव दे सकें। नागरिक 30 मार्च तक शाम 4:30 बजे तक अपने सुझाव संबंधित तहसील कार्यालय अथवा कमरा नंबर 212 एचआरए शाखा, द्वितीय तल, डीसी कार्यालय गुरुग्राम या ईमेल drogrg@hry.nic.in के माध्यम से भेज सकते हैं।
स्टांप ड्यूटी बढ़ाने का भी प्रस्ताव
अधिकारियों की मानें तो कलेक्टर रेट के अलावा अब स्टांप ड्यूटी बढ़ाए जाने की भी तैयारी की जा रही है। इससे संबंधित प्रस्ताव प्रशासन ने तैयार किया है। यह दर आधा प्रतिशत बढ़ाए जाने की तैयारी है। पहले जहां गुड़गांव में जमीन खरीदने पर पुरुषों के लिए यह स्टांप ड्यूटी 7 प्रतिशत देनी होती थी वहीं, अब इसे बढ़ाकर साढ़े 7 प्रतिशत किए जाने की तैयारी की जा रही है। मंजूरी मिलते ही यह स्टांप ड्यूटी भी बढ़ा दी जाएगी।