फंदे पर लटका मिला महिला का शव, ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का केस
punjabkesari.in Saturday, Jul 19, 2025 - 08:28 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-37 थाना एरिया के गांव खांडसा में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। महिला के मायके वालों ने पति सहित ससुराल के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज के लिए मारपीट और हत्या के बाद शव को लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू की है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।
पुलिस को दी शिकायत में यूपी के हाथरस निवासी साहब सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी छोटी बहन रेनू चौहान उर्फ पूनम की शादी अप्रैल 2018 में खांडसा गांव में निवासी रोहित चौहान के साथ हुई थी। उनसे चार साल का लडक़ा और करीब 16 माह की बच्ची है। साहब सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान बनाने लगे थे। दहेज की मांग करते हुए पूनम के साथ कई बार मारपीट भी की गई थी। रेनू ने अपने साथ हुई मारपीट के बारे में मायके वालों को कॉल करके जानकारी दी थी। पांच माह पहले रेनू के पति रोहित चौहान ने दो लाख रुपये की मांग की। इस पर उसके भाई साहब सिंह ने 1.40 लाख रुपये का चेक भी दिया था। बीते बृहस्पतिवार को भी रेनू चौहान ने अपने मायके वालों को मारपीट करने के बारे में कॉल करके सूचना दी थी।
वहीं, शुक्रवार की दोपहर रेनू चौहान उर्फ पूनम ने कमरेे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका रेनू चौहान के भाई साहब सिंह ने पुलिस थाने में दहेज हत्या के संबंध में शिकायत की। जांच के बाद थाना पुलिस ने शनिवार को हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया। पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों के अनुसार मृत महिला के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं।जांच अधिकारी महेश ने बताया कि रेनू चौहान के मायकों वालों की शिकायत पर मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है। पति व अन्य लोगों से पूछताछ के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसी अनुसार कार्रवाई की जाएगी।