आगामी विधानसभा चुनाव में इनेलो की तरफ से 50 फीसदी टिकट युवाओं को दी जाएगी: अभय चौटाला

punjabkesari.in Sunday, Jun 11, 2023 - 09:03 PM (IST)

ऐलानाबाद(सुरेन्द्र सरदाना): इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव चौधरी अभय सिंह चौटाला की परिवर्तन पदयात्रा आज 101वें दिन रविवार को ऐलनाबाद शहर के अलावा हलके के ढाणी बच्चन सिंह, ढाणी मौजू, तलवाडा व दया सिंह थेहड़ में पहुंची। वहीं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इनेलो की ओर से आने वाले विधानसभा चुनाव में 50 फीसदी टिकट युवाओं को दी जाएगी। युवा विधानसभा में पहुंचेंगे और इस प्रदेश के हित में नीतियां बनाएंगे। 

PunjabKesari

 

हरियाणा में 1987 जैसी चल रही लहर : अभय चौटाला 

बता दें कि इनेलो नेता ने कहा कि आज हरियाणा में 1987 जैसी लहर चल रही है। प्रदेश की जनता इस बार भी 87 की तरह अपना भारी समर्थन इनेलो को देगी। फिर से वही सुशासन का दौर आएगा और प्रदेश विकास की पटरी पर दौड़ेगा। इनेलो नेता ने कहा कि आज परिवार पहचान पत्र की आड़ में लाखों परिवारों के पीले राशन कार्ड काट दिए गए। बजुर्गों की पैंशन भी काट दी गई। अब सरकार ने एक नया तुगलकी फरमान जारी कर दिया है कि जिन परिवारों के बैंक में खाते हैं, आधार कार्ड से लिंक करवाए। ऐसा न करने पर 10-10 हजार रुपए जुर्माना भरना पड़ेगा। आधार कार्ड लिंक करवाने के नाम पर 1100 रुपए फीस ली जा रही है। एक गरीब आदमी कैसे इतनी रकम भरेगा? इस बात का कोई जवाब अधिकारियों के पास नहीं है।

 

प्रदेश में बदलाव से ही हर वर्ग का होगा विकास: अभय चौटाला  

 

उन्होंने कहा कि किसान को कमजोर करने के लिए नए-नए कानून बनाए जा रहे हैं। इनेलो नेता का कहना है कि उनकी यात्रा को 100 दिन पूरे हो चुके हैं। इस दौरान 52 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करते हुए उन्होंने 1000 गांवों में जाते हुए करीब 2100 किलोमीटर पैदल चलकर आपके बीच पहुंचा हूं। प्रत्येक गांव में हर वर्ग इस भाजपा गठबंधन सरकार से हताश और परेशान है। उन्होंने कहा कि अब तक लाखों लोग उनकी यात्रा का हिस्सा बन चुके हैं। अब हरियाणा में बदलाव आना निश्चित है। प्रदेश में बदलाव आएगा तो सभी वर्गों को राहत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 24 सितंबर को उनकी यह यात्रा कुरुक्षेत्र में पहुंचेगी और 25 सितंबर को चौधरी देवीलाल के जन्मदिवस पर कुरुक्षेत्र में एक ऐतिहासिक रैली की जाएगी। इस सम्मान दिवस समारोह में विपक्ष के कई बड़े नेता शिरकत करेंगे।

 

इनेलो की यात्रा से हर वर्ग ने बदलाव का लिया संकल्प: अभय चौटाला

 

अभय चौटाला ने सभी के प्रति आभार जताया और कहा कि इनेलो की हरियाणा परिवर्तन पदयात्रा को हर वर्ग ने अपनी यात्रा मानते हुए बदलाव का संकल्प ले लिया है। उन्होंने कहा कि इनेलो का एकमात्र ध्येय सत्ता प्राप्ति नहीं बल्कि सत्ता को जनसेवा का माध्यम मानते हुए प्रदेश को नई दिशा देना और जननायक चौधरी देवी लाल के सपनों को साकार रूप देना है। उन्होंने अपने संबोधन में ग्रामीणों से कहा कि भाजपा सरकार सबसे बड़ी जनविरोधी पार्टी है। भाजपा सरकार देश और प्रदेश को दोनों हाथों से लूट रही है। उन्होंने कहा कि पदयात्रा से हरियाणा में तो बदलाव का माहौल बना ही है, साथ ही इनेलो के कार्यकर्ताओं में भी जोश पैदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों के इसी समर्थन और सम्मान को देखते हुए वे बड़े दावे के साथ ये बात कह सकते हैं कि आने वाला समय निश्चित तौर पर इनेलो का ही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भाजपा गठबंधन सरकार ने झूठ और फरेब की राजनीति करके पूरे प्रदेश को विनाश की ओर धकेल दिया है मगर अब लोग इस गठबंधन सरकार से बदला लेने का मन बना चुके हैं, जिससे साफ जाहिर है कि आने वाले चुनावों में न केवल भाजपा-जजपा का सफाया हो जाएगा बल्कि प्रदेश के हित के लिए लोग इनेलो की ही सरकार बनाएंगे।

                 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)        

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ajay Kumar Sharma

Related News

static