अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के तहत कनाडा में सेमिनार और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

punjabkesari.in Sunday, Sep 18, 2022 - 10:01 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के तहत कनाडा के मिसिसॉगा में लिविंग आर्ट सेंटर में गीता पर सेमिनार और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। लिविंग आर्ट सेंटर हैमर्सन हॉल मिसिसॉगा शहर द्वारा कला और संस्कृति के लिए समर्पित प्रतिष्ठित सभागार है। इस अवसर पर ब्रैम्पटन के मेयर पैट्रिक ब्राउन ने स्वामी ज्ञानानंद जी के साथ मिलकर ब्रैम्पटन में नए स्वीकृत गीता पार्क में कृष्ण-अर्जुन के रथ की प्रकृति स्थापित करने की घोषणा की। 

 

इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, योग गुरु बाबा रामदेव और स्वामी गुरुशरणंद का वीडियो संदेश भी चलाया गया। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से वर्ष 2016 से गीता महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मना रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव धार्मिक, सांस्कृतिक, कला एवं संस्कृति का बेजोड़ उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कनाडा की धरती पर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन हरियाणा वासियों के लिए गर्व की बात है। कनाडा के लोगों की गीता के प्रति आस्था और उत्साह का शब्दों में वर्णन नहीं किया जा सकता है। गीता एक ऐसा अलौकिक प्रकाश पुंज है, जो काल, देश और सीमाओं से परे है। मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा की धरती पर ही 5159 वर्ष पहले गीता के माध्यम से भगवान श्री कृष्ण ने कर्मयोग का संदेश दिया। यह ज्ञान भगवान श्रीकृष्ण ने भले ही भारत भूमि पर दिया है, लेकिन यह पूरे संसार के लिए है। 

 

इस अवसर पर स्वामी ज्ञानानंद ने कहा कि वर्तमान समय में भगवत गीता की प्रासंगिकता और भी ज़्यादा बढ़ गई है। हर व्यक्ति को गीता को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गीता का संदेश हर काल के लिए प्रासंगिक है और यह हज़ारों साल से मानव को प्रेरणा देता रहा है। उन्होंने कहा कि हमें गीता का संदेश दुनिया के हर कोने तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जगद्गुरु रामानुजाचार्य जी, गीता मनीषी ज्ञानानंद जी, रामधारी सिंह गुरु जी, आर्य समाज गुरु संपूर्णानंद जी, कनाडा के मंत्री और सांसदों ने गीता की भूमिका पर अपने विचार रखे। सभी ने वैश्विक शांति, सौहार्द भाईचारा एवं एकता को बढ़ाने पर बल दिया। लंदन में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के आयोजकों द्वारा कार्यक्रम में अपना अनुभव साझा किया गया। शाम के समय सभी प्रतिनिधि ट्रॉयर पार्क गए, जिसे हाल ही में ब्रैम्पटन की सिटी काउंसिल ने नाम बदलकर गीता पार्क कर दिया गया है। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Recommended News

Related News

static