कंपनी में ईमेल भेजकर पत्नी की हत्या के बाद सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने लगाया फंदा, मौत
punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 08:41 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): एम3एम मरीना सोसाइटी में रह रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने पत्नी की हत्या के बाद खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वारदात को अंजाम देने से पहले आईटी कंपनी के अधिकारी ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को ईमेल भेजी जिसमें मकान मालिक और पिता का मोबाइल नंबर भेजकर उन्हें सूचित करने के लिए कहा था। ईमेल मिलते ही कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने मकान मालिक को फोन कर इसकी जानकारी दी, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। इसकी सूचना बादशाहपुर थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पुलिस को सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल मामले में पुलिस जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर मृतक द्वारा डिप्रेशन में वारदात को अंजाम देने के बाद खुद फंदा लगाने की बात सामने आई है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, आज सुबह करीब साढ़े 10 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि एम3एम मरीना सोसाइटी में एक महिला व उसका पति मृत पड़े हैं। सूचना पर बादशाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि महिला मृत अवस्था में जमीन पर पड़ी है जबकि पुरूष पंखे के हुक से फंदा लगाकर लटका हुआ है। मृतक महिला की पहचान केरल निवासी 28 वर्षीय फरहाना के रूप में हुई जबकि पुरूष कर्नाटक के बेंगलुरू निवासी 30 वर्षीय असलम के रूप में हुई।
पुलिस ने बताया कि दोनों पति-पत्नी थे और मोहम्मद असलम सेक्टर-58 की आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे जबकि फरहाना हाउसवाइफ थी और वह अपनी पत्नी के साथ सोसाइटी की टावर-7 के फ्लैट नंबर 103 में रहते थे। मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। प्रारंभिक तौर की जांच के दौरान सामने आया कि फरहाना की गला दबाकर हत्या करने के बाद मोहम्मद असलम ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पूरे प्रकरण को अंजाम देने से पहले उसने एक ईमेल लिखी जिसमें उसने अपनी जीवन लीला समाप्त करने की बात कहते हुए उसमें अपने पिता और मकान मालिक का मोबाइल नंबर लिख दिया और उन्हें सूचित करने के लिए कह दिया। मौके से पुलिस को जांच के दौरान सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके गुड़गांव आने के बाद ही दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद हत्या करने और आत्महत्या करने का कारण पता लग पाएगा।