दिल्ली में लाठीचार्ज के विरोध में रेवाड़ी में छात्रों का प्रदर्शन, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की उठाई मांग

punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 02:36 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध की गूंज अब रेवाड़ी तक पहुंच गई। गुरुवार को जिले के विभिन्न छात्र संगठनों के सैकड़ों छात्र सड़कों पर उतरे और सरकार व शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से पेपर लीक में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया। बाद में छात्र संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त (डीसी) के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। 

ज्ञापन में दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई तथा परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की मांग की गई। छात्र नेताओं ने कहा कि वे अपने भविष्य और निष्पक्ष परीक्षाओं की मांग को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन पर बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार पेपर लीक माफियाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं करती और छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static