लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 2 इनामी शूटर एनकाउंटर में ढेर, हांसी में की थी जिम संचालक की हत्या... दोनों पर था 1-1 लाख का इनाम
punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 08:08 AM (IST)
बहादुरगढ़ (प्रवीण कुमार धनखड़) : बहादुरगढ़ का बालौर बाईपास का इलाका उस समय गोलियों की ताबड़तोड़ आवाज़ से इलाका दहल उठा, जब दिल्ली स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ की संयुक्त टीम की लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो इनामी शूटरों से आमने-सामने मुठभेड़ हो गई। करीब 12 से 13 राउंड चली फायरिंग के बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों को मार गिराया। मारे गए बदमाशों की पहचान हिसार के टिब्बा दानाशेर निवासी प्रवेश और जाखोड़ खेड़ा निवासी हिमांशु के रूप में हुई है। दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों बदमाश बहादुरगढ़ में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। गुप्त सूचना मिलने के बाद दिल्ली स्पेशल सेल और बहादुरगढ़ एसटीएफ ने बालौर बाईपास पर संयुक्त घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं और आखिरकार दोनों शूटर ढेर हो गए।

मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। वहीं बदमाशों की गोलियां चार अन्य पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट से टकराईं, जिससे उनकी जान बच गई।

एसटीएफ के एसपी विक्रांत भूषण ने बताया कि मारे गए दोनों बदमाश पिछले महीने हांसी में जिम संचालक की हत्या के मुख्य आरोपी थे और लंबे समय से पुलिस की वांछित सूची में शामिल थे। घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस दोपहर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुठभेड़ से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा करेगी।