बिना सड़क बने ही ठेकेदार डकार गए लाखों रूपए ? विकास के नाम पर बड़ा खेल, चीका नगरपालिका सचिव सस्पेंड
punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 09:08 PM (IST)
गुहला/चीका(कपिल शर्मा): चीका नगर पालिका के सचिव जितेंद्र कुमार को विकास कार्यों में अनियमितताएं बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। उनके निलंबन की पुष्टि डी.एम.सी कैथल कपिल कुमार ने की है। बताया जा रहा है कि सचिव को उनके सस्पेंशन की सूचना ईमेल के माध्यम से मिली है। हालांकि, निलंबन के स्पष्ट कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि विकास कार्यों में गड़बड़ियों के चलते यह कार्रवाई की गई है।
लंबे समय से गायब है पालिका का रजिस्टर
वार्ड नंबर 2 के पार्षद दलबीर सीड़ा ने सचिव के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि नगर पालिका का रजिस्टर नंबर 35 लंबे समय से गायब है। कई बार मांग करने के बावजूद भी सचिव इसे प्रस्तुत नहीं कर रहे थे। पार्षद का आरोप है कि इसी रजिस्टर में विकास कार्यों से जुड़े अहम रिकॉर्ड मौजूद हैं, जिनसे अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है।
गली निर्माण के नाम पर भुगतान, काम नहीं
दलबीर सीड़ा ने आरोप लगाया कि वर्ष 2025 में वार्ड नंबर 2 और 15 में गली निर्माण के नाम पर ठेकेदारों को लाखों रुपये का भुगतान किया गया, जबकि मौके पर कोई कार्य नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि इस मामले की विजिलेंस जांच के दौरान भी संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं करवाया गया और सबूतों से छेड़छाड़ करने की कोशिश की गई।
पौधारोपण और ट्री गार्ड में भी घोटाले के आरोप
पार्षद के अनुसार, शहर में पौधे लगाने और उन पर ट्री गार्ड लगाने के नाम पर भी लाखों रुपये के बिल पास किए गए, जबकि जमीनी स्तर पर ऐसा कोई कार्य नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि इन सभी मामलों को लेकर 12 फरवरी को अन्य पार्षदों के साथ मिलकर विभाग के मंत्री और एसीएस को शिकायत दी गई थी। पार्षद दलबीर सीड़ा का कहना है कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होती है तो चीका नगर पालिका में विकास कार्यों के नाम पर करोड़ों रुपये के घोटाले सामने आ सकते हैं। वहीं, इस मामले में सचिव जितेंद्र कुमार का कहना है कि उन्हें भी केवल ईमेल के जरिए सस्पेंशन की सूचना मिली है और उसमें किसी प्रकार का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है।