कैथल पुलिस ने UP के मेरठ में पकड़ी देसी कट्टे बनाने वाली फैक्ट्री, 9 कट्टे बरामद...आरोपी फरार
punjabkesari.in Monday, Jun 26, 2023 - 03:15 PM (IST)
कैथल (जयपाल रसूलपुर) : यह फैक्ट्री गन्ने के खेतों के बीच बहुत ही सीमित तामझाम के साथ चलाई जा रही थी, लेकिन यहां से बने देसी कट्टे हरियाणा सहित आसपास के राज्यों में बड़े पैमाने पर सप्लाई किए जाते थे। कैथल की सीआईए-1 पुलिस ने मेरठ पुलिस के साथ मिलकर रेड की तो फैक्ट्री संचालक फरार हो गया। पुलिस आरोपी को काबू करने के लिए लगातार रेड कर रही है।
ऐसे खुला राज
बता दें कि दो मई की शाम को बाइक पर सवार चार बदमाशों ने राजौंद में पिता व पुत्र को गोली मार दी थी। आरोपी दुकान से लूटपाट के बाद फायरिंग करते हुए मौका से फरार हो गए थे। गोली मारने व हथियार सप्लाई करने वाले आरोपियों को पुलिस काबू कर चुकी है। एसपी की ओर से मामले की जांच सीआईए वन को सौंपी गई थी। पुलिस पूछताछ में सामने आया था कि आरोपियों ने वारदात में जिस अवैध देसी कट्टे का इस्तेमाल किया वह आरोपियों को यूपी के गाजियाबाद नूरपुर निवासी पिंटू ने उपलब्ध करवाया था। पुलिस ने पिंटू को काबू किया तो खुलासा हुआ कि उसने यह हथियार चार से पांच हजार रुपए में इनायतपुर राधना मेरठ स्थित फैक्ट्री से खरीदा था। फैक्ट्री से हथियार खरीदने के बाद आरोपियों को सात से आठ हजार रुपए में बेच दिया था। मेरठ की फैक्ट्री से हथियार सप्लाई होने का खुलासा होने के बाद सीआइए-वन इंचार्ज एसआइ रमेश चंद्र ने अवैध फैक्ट्री संचालक को पकड़ने के लिए एक टीम का गठन किया। टीम में एएसआइ धर्म सिंह, हेड कांस्टेबल तरसेम, हेड कांस्टेबल मनीष, देवेंद्र, मंजीत, संदीप को शामिल किया गया। टीम ने मेरठ पुलिस के साथ मिलकर इनायतपुर राधना स्थित फैक्ट्री पर रेड की। रेड से पहले ही फैक्ट्री संचालक भूरा फरार हो गया, लेकिन मौके से 9 देसी कट्टे, 4 कारतूस, एक किलो कोयला, लोहा काटने वाली कैंची, प्लास, पेचकस, पिस्तौल की नाली बनाने के लिए पाइप, हथौड़ा बरामद हुए है।
8वीं तक पढ़ा है आरोपी
अवैध हथियार बनाने वाला आरोपी महज 8वीं तक पढ़ा लिखा है, लेकिन देसी कट्टे बनाने में एक्सपर्ट है। आरोपी की तलाश के लिए यूपी व कैथल पुलिस लगी हुई है। जिसे काबू करने के लिए कई जगह रेड की जा चुकी है, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं लग रहा है। आरोपी भूरा गन्ने के खेत में ही अवैध हथियार बनाकर सप्लाई करता है, जिसे एजेंट चंद रुपए के लालच में आगे सप्लाई कर देते हैं। इन्हें हथियारों के दम पर प्रदेशभर में अपराधिक वारदातों को अंजाम दिया जाता है।
वहीं राजौंद में हुई लूटपाट के मामले में पुलिस आरोपियों को काबू कर चुकी है। वारदात में अवैध हथियारों का प्रयोग किया गया था। जहां से अवैध हथियार बने थे पुलिस उस फैक्ट्री तक पहुंच चुकी है। फैक्ट्री संचालक अभी फरार है, जिसे पकड़ने के लिए लगातार रेड की जा रही है। जल्द ही आरोपी को काबू कर लेंगे।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)