बदमाशों ने खुद को RTO अधिकारी बता ट्रक ड्राइवर को बनाया निशाना, नकदी सहित स्क्रैप से भरा ट्रक लेकर हुए फरार, आरोपी काबू
punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 04:09 PM (IST)
अंबाला (अमन कपूर) : अंबाला नेशनल हाइवे नंबर एक पर शास्त्री कट, कुलदीप नगर के पास उस वक्त हड़कंप मच गया जब बोलेरो सवार कुछ लोगों ने एक ट्रक को रुकवा लिया। आरोपियों ने खुद को RTO अधिकारी बताते हुए ट्रक के कागजात और सामान की बिल्टी चेक करने का बहाना बनाया।

जांच के दौरान आरोपियों ने बिल्टी को नकली बताते हुए ड्राइवर शिव प्रकाश और उसके साथी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद बदमाश ड्राइवर को जबरन अपनी बोलेरो में बैठाकर अपने साथ ले गए और रास्ते में उससे नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ड्राइवर को शाहाबाद-साहा पुल के नीचे उतारकर फरार हो गए और स्क्रैप से भरा ट्रक अपने साथ ले गए।
पीड़ित ड्राइवर की शिकायत पर थाना पड़ाव में लूट का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रबंधक निरीक्षक धर्मबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अनुज कुमार को पानीपत से गिरफ्तार कर लिया। पड़ाव पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन के रिमांड पर लिया, जिसके दौरान उसकी निशानदेही पर लूटा गया ट्रक और स्क्रैप बरामद कर लिया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी एक पेशेवर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी सोनीपत में हत्या का मामला दर्ज है। फिलहाल रिमांड खत्म होने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है और पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)