पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ रिमांड पर लाया आरोपी पुलिस कमिश्ररी में मचा हडक़ंप
punjabkesari.in Tuesday, Nov 29, 2022 - 11:02 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-56 क्षेत्र में रिमांड पर लाया किडनैपिंग का आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। किडनेप व फिरौती मामले के आरोपी को पुलिस कार बरामदगी के लिए मंगलवार की दोपहर जलवायु टावर लाई थी। जहां से वह पुलिस की आंख में धूल झोंककर फरार हो गया। आरोपी के फरार होने से पुलिस कमिश्ररी में हडक़ंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश की जा रही है। मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर गाज गिरना भी लाजमी है।
गुड़गांव की खबरों के लिए इस लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
दरअसल, सेक्टर-9 थाना पुलिस ने किडनेप व फिरौती के मामले में 24 नंवबर को केस दर्ज कर दो दिन पहले रजत यादव को गिरफ्तार किया था। जिसे पुलिस ने अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया था। पुलिस रजत यादव को कार बरामदगी के लिए मंगलवार की दोपहर सेक्टर-56 के जलवायु टावर लेकर गई। एएसआई पदम सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम रजत यादव को जलवायु टावर पहुंची थी। जहां वह पुलिस की आखों में धूल झोंककर फरार हो गया। रजत यादव की फरारी पर पुलिस कमिश्ररी में हडक़ंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस की कई टीमों ने इलाके में नाकाबंदी की और फरार आरोपी की तलाश में जुट गई। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को रजत यादव का कोई सुराग हाथ नहीं लग सका। इस मामले में पुलिस के अधिकारी बयान देने से बच रहे हैं।