BJP में शामिल होने की आशंकाओं पर बोलीं किरण चौधरी, पार्टी के ही कुछ लोग फैला रहे अफवाहें
punjabkesari.in Friday, Nov 18, 2022 - 08:53 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): प्रदेश कांग्रेस में चल रही आपसी गुटबाजी का खेल अब खुलकर आमने सामने की लड़ाई बनता दिख रहा है। एक तरफ नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा-प्रदेशाध्यक्ष उदयभान की जोड़ी और दूसरी तरफ तीन वरिष्ठ नेताओं कुमारी सैलजा-रणदीप सुरजेवाला और किरण चौधरी की तिगड़ी मैदान में नजर आ रहे हैं। लड़ाई पार्टी में वर्चस्व हासिल करने की है। उदयभान द्वारा कुछ दिन पहले किरण चौधरी को लेकर दिए गए बयान ने इस आग में घी डालने का काम किया। वहीं किरण चौधरी लगातार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अपने करीबी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रहीं है। इस प्रकरण पर किरण चौधरी द्वारा भाजपा में जाने की अटकलों पर बोलते हुए खुद चौधरी ने कहा है कि इस प्रकार की चर्चाएं गर्म करने वाले खुद पार्टी में ऐसे लोग मौजूद हैं, जो शायद मुझसे बहुत ज्यादा डरते हैं। उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा मान मर्यादा में रहकर मैंने काम किया है। मान-सम्मान मिलता है, तो आगे बढ़ती हूं। नहीं मिलेगा तो हम उनमें से भी नहीं हैं जो किसी के पिछलग्गू बन सकें।
जिनमें दम होता है, सभी लोग उसी के पीछे भागते हैं : किरण चौधरी
किरण चौधरी ने कहा कि वे कांग्रेस के प्रति हमेशा समर्पित रहने वाले परिवार की पुत्रवधू हैं। उन्होंने कहा कि हम ही असली कांग्रेसी हैं। कुछ लोग अपने आप को कांग्रेसी बताते हैं, जबकि वे खुद कभी कांग्रेस के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। किरण चौधरी ने कहा कि विरोधी हमेशा उसी के बारे में उल्टा बोलते हैं या ओछी टिप्पणियां करते हैं, जिसे लोग प्यार करते हैं। उन्होंने कहा कि लोग दूसरों को नुकसान पहुंचाने के लिए इस तरह की हरकतें करते हैं। अगर किसी में दम होता है, तो ही सभी लोग उसके पीछे पड़ते हैं। उन्होंने बातों ही बातों में यह भी कह दिया कि आखिर उन्हीं के पीछे सभी क्यों पड़े हुए हैं, किसी और के पीछे क्यों नहीं पड़ते।
किरण चौधरी के इस बयान से यह साफ हो गया है कि वे एक लंबी लड़ाई लड़ने की तैयारी कर चुकी हैं। हरियाणा के कोने-कोने में पहुंच कर बैठकें कर कार्यकर्ताओं से लगातार मुलाकात भी कर रही हैं। किरण लोगों को एक बड़ा संदेश देने की कोशिश कर रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि आने वाले समय में कांग्रेस की यह फूट पार्टी को कोई बड़ा झटका भी दे सकती है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)