खास बातचीत में बोले कृष्ण बेदी- पहले काबिल और योग्य बच्चे केवल हुड्डा के गांव किलोई और सांघी में ही पैदा होते थे

punjabkesari.in Monday, Jan 03, 2022 - 05:15 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनैतिक सलाहकार कृष्ण बेदी ने कहा कि पहले काबिल और योग्य बच्चे केवल हुड्डा के क्षेत्र किलोई और गांव सांघी में पैदा होते थे या फिर ताकतवर कांग्रेसियों के घर पैदा होते थे। आज मुख्यमंत्री की ईमानदार सोच के कारण छोटे-छोटे गांवों के छोटे-छोटे घरों के बच्चे बड़ी-बड़ी पोस्टों पर बैठ रहे हैं। आज एचपीएससी और एचएसएससी द्वारा इमानदारी से लगाई जाने वाली नौकरियों के कारण विपक्षी दल बौखलाए हुए हैं। लेकिन प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री की ईमानदारी को पसंद कर रही है। विरोधी दल कुछ भी कहे- कुछ भी करें, लेकिन ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कोई भी समझौता हमारी सरकार नहीं होने देगी। गंदी मानसिकता के लोगों को उभरने नहीं देगी। भ्रष्टाचार की कोशिश करने वालों को हम किसी भी सूरत में नहीं बख्शेंगे। यह प्रदेश के ईमानदार मुख्यमंत्री का दृढ़ संकल्प है। बेदी ने कहा कि किसान आंदोलन से पंजाब और हरियाणा सर्वाधिक प्रभावित होने वाले प्रदेश हैं। अब किसान आंदोलन की समाप्ति के बाद सरकार किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को कानूनन वापिस लेने की ओर से लगातार आगे बढ़ रही है। प्रदेश सरकार किसानों के हित मे लगातार कार्य कर रही है, जबकि पिछली सरकार केवल और केवल किसानों के हित में कार्य करने के दावे करती थी।

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार कृष्ण बेदी ने अशोक तंवर पर कसा तंज
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर पर मजाकिया अंदाज में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार कृष्ण बेदी ने कहा कि अशोक तंवर का कांग्रेस में रहते वक्त भी यही हाल था। उसके बाद इन्होंने अपना दल बनाया। इनके पांव में ग्रीस लगी है, इसीलिए पता नहीं कि यह कब कहां स्लिप हो जाएं। पिछले विधानसभा चुनाव में यह जननायक जनता पार्टी के साथ थे। ऐलनाबाद चुनाव में अभय चौटाला के साथ थे। अब यह टीएमसी के नेता हो गए हैं। आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में यह कहीं और भी मिल सकते हैं। ऐसे ग्रीस लगे व्यक्तियों का कोई स्टैंड नहीं होता और हरियाणा में मुझे लगता है कि कोई व्यक्ति अशोक तंवर को सीरियस लेने को तैयार नहीं है।

प्रदेश में भी भाजपा गठबंधन धर्म पर अडिग
बेदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गठबंधन धर्म को हमेशा निभाती रही है और निभाती रहेगी। भाजपा महाराष्ट्र में ईमानदारी से गठबंधन धर्म को निभाती रही। उत्तर प्रदेश में बहुत से छोटे दलों के साथ भाजपा का गठबंधन है और बिहार में कम सीटें होने के बावजूद नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया हुआ है। प्रदेश में भी लोकप्रिय मुख्यमंत्री विकास पुरुष मनोहर लाल जजपा पार्टी के सहयोग से सरकार चला रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री- गृहमंत्री- प्रदेश अध्यक्ष जेपी नड्डा व अनुराग ठाकुर द्वारा जो शुरू में जो कैबिनेट मंत्रालय, राज्य मंत्रालय, निगम वार्डों में हिस्सेदारी की बात जो  सहयोगियों से तय हुए हम उन वायदों को पूरा कर रहे हैं। अब मंत्रिमंडल पूरा हो चुका है। किसान आंदोलन की भी समाप्ति हो चुकी है। अब विकास की गति को आगे बढ़ाते हुए दोनों दल काम करेंगे। चाहे जजपा द्वारा पेंशन बढ़ाने की बात थी या प्राइवेट सेक्टर में 75 फीसदी हरियाणा के युवकों की हिस्सेदारी की बात थी, उनके द्वारा की गई घोषणाओं को पूरा करने में हमारी सरकार लगी हुई है और यह गठबंधन पूरे 5 साल तक एकजुट होकर चलेगा। जनता की सुख सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार लगातार कार्यरत है।

सहयोगी दलों से किए वायदे हो या जनता से, सभी पर भाजपा इमानदारी से आगे बढ़ रही
कृष्ण बेदी ने पंजाब चुनावों में कैप्टन के साथ गठबंधन के सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि भाजपा पार्टी ने पंजाब में प्रकाश सिंह बादल के साथ लंबे समय तक गठबंधन रखा। आखिरकार वह गठबंधन से दूर हुए। लेकिन आने वाले चुनावों में पंजाब में क्या परिस्थितियां बनेंगी, इस पर कहना कुछ जल्दी होगा। क्योंकि यह केंद्रीय नेतृत्व के लेवल का फैसला है। गठबंधन अमरेंद्र से होगा या नहीं या कौन-कौन से दलों से होगा इसका अभी नहीं पता। लेकिन यह तय है कि पंजाब के लोगों को भारतीय जनता पार्टी यह विश्वास दिलवाने में कामयाब रहेगी कि जिस- जिस ने प्रांत में भाजपा की सरकारें है वह लोगों की जरूरतों सुख-सुविधाओं की पूर्ति के लिए काम कर रही है। पंजाब में इस बार सबसे बड़ा दल भाजपा बनकर उभरेगी। पिछले लंबे समय से क्षेत्रीय दल और कांग्रेस जनता के भरोसे पर खरा नहीं उतर पाई। 7 साल 2 महीने से हरियाणा में और 7 साल 7 महीने से केंद्र में बैठी भाजपा जनता के सात किए वायदों पर लगातार आगे बढ़ रही है। चाहे राम भूमि विवाद को सुलझाने का मामला हो, राम लला का मंदिर बनाने की बात हो, धारा 370 तोडऩे की बात हो या तीन तलाक जैसे कानून की समाप्ति की बात हो, हमने लगातार काम किया है। प्रत्येक गांव में बिजली पहुंचाने, महिलाओं को सुरक्षा देने, गरीब के पेट में रोटी, तन पर कपड़ा और पांव में जूती-दवा देने के फैसले हो हम लगातार काम कर रहे हैं। भाई और भ्रष्टाचार मुक्त और हमने सरकार दी है। हरियाणा में पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ मनोहर के नेतृत्व में भाजपा की सरकार और अब 2 साल 2 महीने से गठबंधन की सरकार चल रही है।

आज मनोहर लाल की नीतियों और योजनाओं का अनुसरण कर रहा है पूरा देश
बेदी ने कहा कि कितनी खुशी की बात है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की नीतियों को पूरा देश अनुसरण कर रहा है। खुद पंजाब कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने सरकार बनने के बाद हरियाणा की तर्ज पर पंजाब में काम करने की बात कही है। जोकि पिछली सरकारों में हरियाणा पंजाब को फॉलो करता था। आज पंजाब हमें फॉलो कर रहा है। हमने 1 जनवरी 2016 से अपने कर्मचारियों को वेतन आयोग दे दिया। हम 5500 गांवों में 24 घंटे बिजली दे रहे हैं। जबकि पंजाब ने अभी तक ऐसी योजना बारे सोचा तक नहीं। हम बहुत सारी योजनाएं ऑनलाइन दे रहे हैं। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सीएम मुख्यमंत्री को ट्वीट किया कि हरियाणा की बिजली नीति को केंद्र में भी लागू करने का काम किया जाएगा। पहले जो विकास केवल मीडिया, सोशल मीडिया, अखबारों तथा बसों पर लिखवाने से ही होता था। आज वास्तव में हरियाणा नंबर वन मनोहर लाल के नेतृत्व में हुआ है। हुड्डा रोजाना हरियाणा सरकार को फेल बताने जैसा बेतुका बयान दे रहे हैं। लेकिन हर चुनाव चाहे पंचायत का, नगर पालिका का, नगर निगम का या अन्य चुनाव हो सभी में जनता भाजपा को डटकर वोट दे रही है। इसी से हुड्डा बौखलाहट में हैं। आज चाहे पेपर लीक की बात हो या भ्रष्ट लोगों को पकडऩे की यह मुख्यमंत्री की हिम्मत की बात है कि चोर को पकड़ा जा रहा है। पिछली सरकारों में नौकरियों के लिए पेपर ही नहीं होते थे। आशा हुड्डा के हाथ से मिली पर्ची के आधार पर नौकरी लगती थी। ओम प्रकाश चौटाला के समय बिल्लू के कहने पर नौकरी लगती थी। हमारी सरकार ने बिना खर्ची- बिना पर्ची के नौकरियां देने का काम किया। भ्रष्टाचार करके नौकरी लगवाने वाले गैंग को बेनकाब करने का काम किया। मुख्यमंत्री ने कहा है कि योग्य व्यक्ति के घर तक नौकरी पहुंचाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Shivam

Recommended News

Related News

static